सीएचसी भीमताल व विकास खंड कार्यालय का औचक निरीक्षण, 21 कर्मचारियों का रोका वेतन

WhatsApp Channel Join Now
सीएचसी भीमताल व विकास खंड कार्यालय का औचक निरीक्षण, 21 कर्मचारियों का  रोका वेतन


नैनीताल, 27 मार्च (हि.स.)। जनपद नैनीताल में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे ने शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) भीमताल एवं विकास खंड कार्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए 21 कर्मचारियों के वेतन रोकने और उनसे स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए गए।

सीएचसी भीमताल के निरीक्षण में मुख्य विकास अधिकारी ने स्वयं रोगी बनकर उपचार व्यवस्था की जांच की। पंजिका के अवलोकन में 15 कार्मिक अनुपस्थित पाए गए, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मचारियों का वेतन रोकने के निर्देश मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को दिए। उन्होंने दवाइयों की वैधता, अल्ट्रासाउंड एवं एक्स-रे मशीन की स्थिति तथा आयुष्मान योजना के लाभार्थियों की जानकारी भी ली। साथ ही निर्देश दिए कि रोगियों को बाहर से दवाइयां न लिखी जाएं और अस्पताल में साफ-सफाई एवं समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।

इसके बाद विकास खंड कार्यालय भीमताल के निरीक्षण में छह कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए। निरीक्षण में यह भी सामने आया कि कुछ कर्मचारियों ने भ्रमण पंजिका में सात दिन पूर्व भ्रमण अंकित किया, लेकिन उसके बाद कार्यालय नहीं पहुंचे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story