हरिद्वार में 37 ई-बसें चलाने की तैयारी, कनखल, पुराना आरटीओ, सप्तऋषि भी जुड़ेंगे

WhatsApp Channel Join Now
हरिद्वार में 37 ई-बसें चलाने की तैयारी, कनखल, पुराना आरटीओ, सप्तऋषि भी जुड़ेंगे


हरिद्वार, 25 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत हरिद्वार में 37 विद्युत बसों के संचालन की तैयारी तेज हो गई है। शुक्रवार को सीसीआर भवन में मेलाधिकारी सोनिका और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की संयुक्त अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में प्रस्तावित मार्गों, बसों की तैनाती और संचालन व्यवस्था पर चर्चा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने प्रस्तावित नेटवर्क का विस्तार करते हुए कनखल चौक, पुराना आरटीओ और सप्तऋषि क्षेत्र को भी ई-बस सेवा से जोड़ने के निर्देश दिए। बैठक में एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हरिद्वार को पीएम-ई-बस सेवा के तहत 37 बसें आवंटित हुई हैं।

9 मीटर लंबी, 30 सीटर और वातानुकूलित ये बसें स्मार्ट सिटी मॉडल के अनुरूप शहर के करीब 15 किलोमीटर मुख्य क्षेत्र में सर्कुलर सेवा के साथ सात फीडर मार्गों पर संचालित की जाएंगी। इससे शहर के मुख्य क्षेत्र के साथ औद्योगिक इलाकों और प्रमुख तीर्थ मार्गों को एक नेटवर्क से जोड़ा जाएगा।

प्रस्तावित सर्कुलर मार्ग हरिद्वार रेलवे स्टेशन से ऋषिकुल, चंद्राचार्य चौक, भगत सिंह चौक, बीएचईएल सेक्टर-2 बैरियर, ज्वालापुर, दुर्गा चौक, शंकराचार्य चौक, सिंहद्वार, डामकोठी और तुलसी चौक होते हुए वापस रेलवे स्टेशन तक रहेगा। इसके अलावा रोशनाबाद-पेंटागन मॉल-शिवालिक नगर-बीएचईएल सेक्टर-2, पतंजलि-जटवाड़ा पुल-दुर्गा चौक-ज्वालापुर, बहादराबाद, धनपुरा-जगजीतपुर-सिंहद्वार, शांतिकुंज और लालढांग समेत विभिन्न क्षेत्रों को फीडर मार्गों से जोड़ा जाएगा।

शुरुआत में सर्कुलर मार्ग के साथ रोशनाबाद, बहादराबाद और पतंजलि कॉरिडोर को प्राथमिकता दी जाएगी। इन मार्गों पर बसों का प्रतीक्षा समय करीब 10 मिनट रखने का लक्ष्य है। यात्रियों की सुविधा के लिए प्रस्तावित मार्गों पर नए बस स्टॉप भी तैयार किए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने मार्गों का पुनर्गठन करते हुए कनखल चौक, पुराना आरटीओ और सप्तऋषि क्षेत्र को भी नेटवर्क में शामिल करने के निर्देश दिए। साथ ही चार्जिंग स्टेशन और बस डिपो की व्यवस्था समय से पूरी करने को कहा गया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story