दशहरा पर्व पर देहरादून में यातायात डायवर्ट, परेड ग्राउंड के चारों ओर जीरो जोन
देहरादून, 19 अक्टूबर (हि.स.)। देहरादून के परेड ग्राउंड में मंगलवार, 20 अक्टूबर को दशहरा पर्व के आयोजन के मद्देनजर यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था लागू की है। कार्यक्रम के दौरान परेड ग्राउंड के चारों ओर जीरो जोन रहेगा। शोभायात्रा श्री कालिका मंदिर से मोती बाजार, पलटन बाजार, राजपुर रोड, एस्लेहॉल और कनक चौक होते हुए परेड ग्राउंड पहुंचेगी।
यातायात पुलिस के अनुसार, दशहरा कार्यक्रम की समाप्ति तक विक्रम और मैजिक वाहनों के कुछ मार्गों में बदलाव किया गया है। रूट नंबर तीन के विक्रम तहसील चौक तक ही आ सकेंगे। यहां से वे दून चौक और एमकेपी चौक होते हुए सीएमआई, धर्मपुर की ओर जाएंगे। रूट नंबर पांच और आठ के विक्रम रेलवे गेट से वापस मोड़ दिए जाएंगे। रूट नंबर दो के विक्रम पंत रोड स्थित स्टैंड से संचालित नहीं होंगे और सहस्त्रधारा क्रॉसिंग से वापस भेजे जाएंगे।
सिटी बसों के मार्ग भी बदले
परेड ग्राउंड से चलने वाली कैंट और राजपुर रोड की बसें ओरिएंट चौक स्थित पेट्रोल पंप के पास से संचालित होंगी। ये बसें कनक चौक की ओर नहीं आएंगी। क्लेमेनटाउन से कुठाल गेट जाने वाली बसें पंत रोड और लैंसडाउन चौक की ओर जाने के बजाय दर्शनलाल चौक और घंटाघर होते हुए राजपुर रोड पर चलेंगी। रायपुर, मालदेवता और सहस्त्रधारा रोड की बसें चूना भट्टा से संचालित होंगी और सर्वे चौक पर सवारियां उतारकर वापस लौटेंगी।
इन स्थानों पर होगी पार्किंग
दशहरा कार्यक्रम में आने वाले सामान्य वाहनों के लिए रेंजर्स ग्राउंड, मंगला देवी इंटर कॉलेज, काबुल हाउस, नगर निगम और पुराने तहसील परिसर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वीआईपी, अधिकारियों और पासधारकों के वाहनों की पार्किंग परेड ग्राउंड में मंच के पीछे, दून क्लब, स्मार्ट सिटी टिन शेड पार्किंग और प्रेस क्लब के पास होगी।
राजपुर रोड से आने वाले वाहनों को ग्रेट वैल्यू तिराहा, दिलाराम चौक, बहल चौक, ग्लोब चौक और घंटाघर होते हुए रेंजर्स ग्राउंड भेजा जाएगा। सहस्त्रधारा और रायपुर रोड से आने वाले वाहनों के लिए सहस्त्रधारा क्रॉसिंग, कर्जन रोड और सर्वे चौक होते हुए मंगला देवी या काबुल हाउस पार्किंग का मार्ग निर्धारित किया गया है। ईसी रोड और सुभाष रोड से आने वाले वाहन आराघर चौक, द्वारिका स्टोर, क्रॉस रोड और बुद्धा चौक होते हुए रेंजर्स ग्राउंड पहुंचेंगे। सहारनपुर रोड से आने वाले वाहनों को प्रिंस चौक, तहसील चौक, दून चौक और बुद्धा चौक होते हुए रेंजर्स ग्राउंड भेजा जाएगा।
निर्धारित पार्किंग स्थल भरने पर राजपुर रोड से आने वाले वाहनों के लिए सचिवालय, लॉर्ड वेंकटेश्वर और सुभाष रोड पर एकल कतार में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। बल्लूपुर और किशननगर की ओर से आने वाले वाहन जनपथ मार्केट बिंदाल पार्किंग में खड़े किए जा सकेंगे। रायपुर और सहस्त्रधारा की ओर से आने वाले वाहनों के लिए महिला पॉलिटेक्निक के सामने एकल लेन में पार्किंग होगी, जबकि सहारनपुर रोड और प्रिंस चौक की ओर से आने वाले वाहनों के लिए कचहरी पार्किंग तथा हिमालयन आर्म्स से दून चौक के बीच पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और यथासंभव दोपहिया वाहनों से आने की अपील की है। कार्यक्रम के दौरान आवश्यक सेवाओं वाले वाहनों को आवागमन की अनुमति रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

