दून में 181 फुट के रावण का दहन, मुख्यमंत्री बोले-न्याय, सुशासन और जनकल्याण ही रामराज्य की मूल भावना

WhatsApp Channel Join Now
दून में 181 फुट के रावण का दहन, मुख्यमंत्री बोले-न्याय, सुशासन और जनकल्याण ही रामराज्य की मूल भावना


दून में 181 फुट के रावण का दहन, मुख्यमंत्री बोले-न्याय, सुशासन और जनकल्याण ही रामराज्य की मूल भावना


देहरादून, 20 अक्टूबर (हि.स.)। राजधानी में मंगलवार को विजयादशमी का पर्व उत्साह के साथ मनाया गया। परेड ग्राउंड में बन्नू बिरादरी दशहरा कमेटी की ओर से आयोजित दशहरा महोत्सव में 181 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी कार्यक्रम में शामिल हुए और प्रदेशवासियों से सत्य, धर्म और मर्यादा के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री दशहरा महोत्सव में रिमोट का बटन दबाकर 181 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया। रावण दहन के साथ ही मैदान में मौजूद लोगों ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विजयादशमी का पर्व सत्य की शक्ति और धर्म की महत्ता का स्मरण कराता है। भगवान श्रीराम और रावण के प्रसंग से यह सीख मिलती है कि अहंकार और अधर्म चाहे कितने ही शक्तिशाली क्यों न हों, अंततः विजय सत्य और धर्म की ही होती है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन त्याग, कर्तव्यनिष्ठा, संयम और आदर्श आचरण की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दशहरा केवल रावण के पुतले के दहन का पर्व नहीं, बल्कि आत्ममंथन और आत्मशुद्धि का अवसर भी है। लोगों को अपने भीतर मौजूद अहंकार, क्रोध, लोभ और नकारात्मक प्रवृत्तियों को दूर करने का संकल्प लेना चाहिए। भ्रष्टाचार, अन्याय, नशे और महिलाओं के प्रति हिंसा जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि न्याय, सुशासन और जनकल्याण ही रामराज्य की मूल भावना है। राज्य सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ जनहित में कार्य कर रही है।

बन्नू बिरादरी दशहरा कमेटी के तत्वावधान में आयोजित समारोह के तहत दोपहर में श्री गोपीनाथ मंदिर से शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा कालिका माता भवन, मोती बाजार, राजपुर रोड और ऐश्लेहॉल होते हुए परेड ग्राउंड पहुंची। आयोजन के दौरान लंका दहन और रावण दहन के साथ आतिशबाजी भी की गई। रावण दहन देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मैदान में पहुंचे।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन फणीन्द्र नाथ शर्मा,बन्नू बिरादरी के पदाधिकारी और सदस्य,आयोजन समिति के प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

शहर में दशहरे के अवसर पर अन्य स्थानों पर भी आयोजन किए गए। लक्ष्मण चौक वेलफेयर सोसाइटी की ओर से हिंदू नेशनल इंटर कॉलेज मैदान में 60 फुट ऊंचे रावण के साथ मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया गया। यहां भी आतिशबाजी और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764060 Articles

Share this story