कोबरा के डसने के बाद उसी सांप को लेकर युवक पहुंचा अस्पताल

WhatsApp Channel Join Now
कोबरा के डसने के बाद उसी सांप को लेकर युवक पहुंचा अस्पताल


रामनगर, 22 जुलाई (हि.स.)। नैनीताल जिले के रामनगर स्थित रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय में बुधवार सुबह उस समय लोगों की भीड़ लग गई, जब एक युवक कोबरा के डसने के बाद उसी जिंदा कोबरा को डिब्बे में बंद कर इलाज कराने अस्पताल पहुंच गया। युवक के साथ डिब्बे में बंद कोबरा देखकर अस्पताल में मौजूद चिकित्सक, कर्मचारी और मरीज भी हैरान रह गए।

जानकारी के अनुसार, मूल रूप से मुरादाबाद निवासी अरुण कुमार पिछले कुछ वर्षों से पत्नी के साथ रामनगर के बेड़ाझाल क्षेत्र में रह रहे हैं। वह टाइल्स लगाने का कार्य करते हैं और आवश्यकता पड़ने पर सांपों का रेस्क्यू भी करते हैं।

बताया गया कि बुधवार सुबह करीब पांच बजे गुबानपुर क्षेत्र के एक घर में कोबरा घुसने की सूचना मिलने पर अरुण उसे पकड़ने पहुंचे। रेस्क्यू के दौरान जब वह कोबरा को डिब्बे में बंद कर रहे थे, तभी सांप ने उनके हाथ की तर्जनी पर डस लिया। इसके बावजूद अरुण ने पहले कोबरा को सुरक्षित डिब्बे में बंद किया और फिर उसी डिब्बे के साथ उपचार के लिए रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंच गए।

अस्पताल में युवक के साथ जिंदा कोबरा देखकर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसके बाद चिकित्सकों ने तत्काल युवक का उपचार शुरू किया।

रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. तौहीद ने बताया कि अरुण के हाथ की तर्जनी पर सांप के काटने के निशान हैं। मरीज का उपचार किया जा रहा है और उसकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डी तिवारी

Share this story