पीआरडी जवानों ने निकाला कैंडल मार्च

WhatsApp Channel Join Now
पीआरडी जवानों ने निकाला कैंडल मार्च


पौड़ी गढ़वाल, 28 नवंबर (हि.स.)। कैबिनेट बैठक में पीआरडी जवानों को समान कार्य के लिए समान वेतन और सालभर यानी 365 दिन रोजगार देने संबंधी प्रस्ताव शामिल नहीं किए जाने से जवानों में नाराजगी है। सरकार के इस रुख से आक्रोशित पीआरडी जवानों ने शनिवार को कैंडल मार्च निकालकर विरोध जताया। इस दौरान जवानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई।

कैंडल मार्च के दौरान जवानों ने कहा कि वे लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर सरकार और शासन-प्रशासन के सामने आवाज उठा रहे हैं, लेकिन हर बार उनकी मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है। जवानों का कहना था कि विभिन्न सरकारी विभागों में पीआरडी जवान नियमित कर्मचारियों की तरह जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें समान कार्य के लिए समान वेतन का लाभ नहीं मिल रहा है। ड्यूटी की उपलब्धता पर निर्भर रहने के कारण उन्हें पूरे साल रोजगार भी नहीं मिल पाता है।

उन्होंने कहा कि अनिश्चित रोजगार और सीमित मानदेय के चलते जवानों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। महंगाई के दौर में परिवार का भरण-पोषण करना भी चुनौती बनता जा रहा है। इसके बावजूद सरकार उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रही है।

जवानों ने मांग की कि उन्हें साल के 365 दिन रोजगार उपलब्ध कराया जाए और समान कार्य के लिए समान वेतन दिया जाए। साथ ही महंगाई भत्ते का लाभ भी मूल वेतन के आधार पर दिया जाए, ताकि पीआरडी जवानों को आर्थिक सुरक्षा मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों की अनदेखी जारी रहने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784915 Articles

Share this story