सेंट थॉमस स्कूल के वार्षिकोत्सव में छात्र-छात्राओं ने दी शानदार प्रस्तुतियां

WhatsApp Channel Join Now
सेंट थॉमस स्कूल के वार्षिकोत्सव में छात्र-छात्राओं ने दी शानदार प्रस्तुतियां


पौड़ी गढ़वाल, 28 नवंबर (हि.स.)। सेंट थॉमस स्कूल में आयोजित वार्षिकोत्सव में जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग कर छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। वार्षिकोत्सव के दौरान छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति, भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं और सामाजिक संदेशों पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। देशभक्ति गीतों और नृत्य नाटिकाओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने राष्ट्रप्रेम, एकता और देश के प्रति समर्पण की भावना को खूबसूरती से अभिव्यक्त किया। वहीं पारंपरिक लोकनृत्यों और मनमोहक गीत-संगीत की प्रस्तुतियों ने भारतीय सांस्कृतिक विरासत के विविध रंगों को मंच पर जीवंत कर दिया। बच्चों की आकर्षक वेशभूषा, शानदार मंच संयोजन, सामूहिक तालमेल और आत्मविश्वास से भरपूर प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा। पूरे कार्यक्रम के दौरान सभागार तालियों की गूंज से उत्साहमय बना रहा।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के आईसीएसई टॉपर शौर्य असवाल तथा आईएससी टॉपर गीतांजलि नेगी और योगेश लिंगवाल को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों की प्रस्तुतियों में दिखा उत्साह और आत्मविश्वास उन्हें अपने बचपन की याद दिलाता है। बच्चों को मंच पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करते देखना सुखद अनुभव है। उन्होंने शानदार प्रस्तुतियों के लिए विद्यार्थियों के साथ शिक्षकों और अभिभावकों को भी बधाई दी।

उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को अच्छे संस्कार और जीवन मूल्य देने के साथ उनके साथ पर्याप्त समय बिताने तथा उनमें सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने पर जोर दिया। कहा कि बच्चों को आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बनाने में परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस मौके पर विद्यालय प्रबंधक फादर जीजो पैलाथिंकल, प्रधानाध्यापिका सिस्टर सौमिनी, उप प्रधानाचार्य सिस्टर मेरिन तथा विशिष्ट अतिथि बिजनौर डायसिस के उपाध्यक्ष फादर फ्रांसिस केओ, रीना रौथाण, वंदना मुदगिल, गीता रावत, पूजा चमोली, नरेंद्र सिंह, संजय जुयाल, प्रीति नेगी, मुकेश पंवार, सुबोध उनियाल, जैतलिन आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784598 Articles

Share this story