नशे में डंपर चालक ने बाइक को मारी टक्कर, बाइक सवार की मौत

WhatsApp Channel Join Now

गोपेश्वर, 15 जुलाई (हि.स.)। चमोली मुख्यालय गोपेश्वर के समीप लीसा बैंड के पास सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में ले लिया। मेडिकल परीक्षण में चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है।

वर्चुअल थाना पुलिस के डंपर संख्या यूके14 सीए 7227 के भेडी निवासी चालक समर (18 वर्ष) ने मोटरसाइकिल संख्या यूके 07 एवी 2168 को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार हल्दपानी निवासी मुकेश सिंह नेगी (37 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सवार वाहन सहित डंपर के नीचे क्रैश बैरियर में फंस गया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त मोटर साइकिल को कब्जे में लेकर थाने में सुरक्षित रखा गया है, जबकि डंपर की सुरक्षा के लिए घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस के अनुसार मेडिकल रिपोर्ट में डंपर चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है। चालक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल

Share this story