रूलर मशीन चोरी में सहारनपुर से तीन आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
रूलर मशीन चोरी में सहारनपुर से तीन आरोपित गिरफ्तार


हरिद्वार, 01 अगस्त (हि.स.)। हरिद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भगवानपुर क्षेत्र में हुई रूलर मशीन चोरी का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर करीब 1.41 लाख रुपये कीमत की रूलर मशीन और वारदात में प्रयुक्त छोटा हाथी वाहन बरामद किया है।

पुलिस उप निरीक्षक संजीव चौहान के अनुसार 31 जुलाई 2026 को सिरचंदी निवासी अलीशान पुत्र इमरान ने कोतवाली भगवानपुर में तहरीर दी कि अज्ञात चोरों ने रात में गोदाम का ताला तोड़कर 1,41,500 रुपये की रूलर मशीन चोरी कर ली। एसपी हरिद्वार के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर ने खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। मिले सुरागों के आधार पर शनिवार को पुलिस ने तीन आरोपियों को छोटा हाथी सहित पकड़ लिया। वाहन से चोरी की गई रूलर मशीन भी बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपित आशिक निवासी एकता कॉलोनी कुतुबशेर, इकराम निवासी खजूरतला मंडी और अब्दुल रहमान निवासी कम्मेला कॉलोनी, तीनों सहारनपुर के रहने वाले हैं। पुलिस ने बरामदगी के बाद तीनों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story