खांड्यूंसैंड में गुलदार की दहशत बरकरार, वन विभाग और प्रशासन के खिलाफ आक्रोश
पौड़ी गढ़वाल, 06 नवंबर (हि.स.)। पौड़ी क्षेत्र के खांड्यूंसैंड में गुलदार के हमले में पांच वर्षीय बच्ची की मौत के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। घटना के बाद ग्रामीणों में भय के साथ ही वन विभाग और जिला प्रशासन के खिलाफ आक्रोश भी बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि गुलदार की सक्रियता के चलते लोग घरों से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं। खासकर बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर ग्रामीण चिंतित हैं।
बच्ची की मौत की घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीण वन विभाग से गुलदार के आतंक से निजात दिलाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि क्षेत्र में गुलदार की आवाजाही से लोगों का सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों में इस बात को लेकर भी नाराजगी है कि मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं पर स्थायी समाधान के बजाय हर बार घटना के बाद ही कार्रवाई की जाती है।
वहीं, घटना के बाद वन विभाग की ओर से गुलदार को मारने के लिए शिकारी भी तैनात किया गया है। गुलदार की तलाश और उसे मारने की कार्रवाई के लिए विभागीय स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। ग्रामीणों की मांग है कि गुलदार को जल्द से जल्द ढेर किया जाए, ताकि क्षेत्र में दोबारा ऐसी घटना न हो। साथ ही प्रभावित क्षेत्र में वन विभाग की नियमित गश्त बढ़ाने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था करने की मांग भी उठ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक गुलदार का खतरा पूरी तरह समाप्त नहीं होता, तब तक क्षेत्र में भय का माहौल बना रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

