प्रो.अम्बरीश कुमार महाजन बने श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के कुलपति

WhatsApp Channel Join Now
प्रो.अम्बरीश कुमार महाजन बने श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के कुलपति


देहरादून, 22 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय, बादशाहीथौल (टिहरी गढ़वाल) के कुलपति पद पर प्रो. अम्बरीश कुमार महाजन की नियुक्ति के आदेश जारी किए हैं।

राजभवन से बुधवार को जारी आदेश के अनुसार, प्रो.महाजन को विश्वविद्यालय अधिनियम-2011 के प्रावधानों के तहत कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष की अवधि अथवा 68 वर्ष की आयु पूर्ण होने अथवा अगले आदेश तक,जो भी पहले हो, कुलपति नियुक्त किया गया है।

प्रो.अम्बरीश कुमार महाजन वर्तमान में हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय, धर्मशाला में पर्यावरण विज्ञान विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर और रिमोट सेंसिंग एवं जीआईएस केंद्र के निदेशक के रूप में कार्यरत हैं।

भू-विज्ञान विशेषज्ञ से विश्वविद्यालय के कुलपति तक का सफर

श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के नवनियुक्त कुलपति प्रो. अम्बरीश कुमार महाजन देश के प्रतिष्ठित भू-विज्ञान विशेषज्ञों में शामिल हैं। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला से शिक्षा प्राप्त करने के बाद जम्मू विश्वविद्यालय से परास्नातक और पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ से पीएचडी की।

प्रो. महाजन ने वर्ष 1985 में वाडिया इंस्टीट्यूट ऑफ हिमालयन जियोलॉजी, देहरादून से वैज्ञानिक के रूप में करियर शुरू किया। उन्होंने भूकंपीय खतरा आकलन, भूकंप अध्ययन, भूस्खलन और रिमोट सेंसिंग एवं जीआईएस के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किया है।

उन्होंने भूकंपीय माइक्रोजोनेशन के लिए एमएएसडब्लयू और एचवीएसआर तकनीक विकसित करने में योगदान दिया। उनके वैज्ञानिक कार्यों के लिए उन्हें वर्ष 2017 में राष्ट्रीय भू-विज्ञान पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

प्रो. महाजन 100 से अधिक शोध पत्र प्रकाशित कर चुके हैं और कई राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय परियोजनाओं से जुड़े रहे हैं। वह हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय में वरिष्ठ प्रोफेसर, भू-विज्ञान विभागाध्यक्ष और रिमोट सेंसिंग एवं जीआईएस निदेशक के रूप में कार्यरत रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story