डीएसबी छात्रसंघ अध्यक्ष पद पर भानु प्रताप सिंह चौहान विजयी

WhatsApp Channel Join Now
डीएसबी छात्रसंघ अध्यक्ष पद पर भानु प्रताप सिंह चौहान विजयी


नैनीताल, 29 सितंबर (हि.स.)। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर में मंगलवार को हुए छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर निर्दलीय भानु प्रताप सिंह चौहान ने 1,355 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रत्याशी शुभम कुमार को 873 और निर्दलीय हिमांशु आर्य को 283 मत मिले। अध्यक्ष पद पर 10 मत नोटा को गये और 14 मत अवैध रहे। अध्यक्ष पद के परिणाम के साथ डीएसबी परिसर में लगातार दूसरे वर्ष अभाविप प्रत्याशी अध्यक्ष पद पर विजयी नहीं हो सका और काले झंडे के बैनर तले लड़े प्रत्याशी को जीत मिले। 2025 में भी काले झंडे के करन सती ने अभाविप के तनिष्क मेहरा को हराया था।

वहीं संयुक्त सचिव पद पर अनुष्का पुरी 1,614 मत प्राप्त कर विजयी रहीं, जबकि गौरी को 619 मत मिले। कोषाध्यक्ष पद पर सृष्टि रावत और विदुषी वर्मा के बीच निकट मुकाबले में सृष्टि रावत को 1,165 तथा विदुषी वर्मा को 1,147 मत मिले। इस पद पर 127 मत नोटा और 96 मत अवैध रहे।

परिसर में छात्रा उपाध्यक्ष पद पर कुमकुम जोशी, छात्र उपाध्यक्ष पद पर अभिषेक रैकुनी, सचिव पद पर कमल कार्की, सांस्कृतिक सचिव पद पर हर्षित जोशी तथा विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर तन्मय भंडारी का निर्विरोध निर्वाचन पहले ही तय हो चुका था। संकाय प्रतिनिधि पदों पर भी अनिल कुमार, संध्या कापड़ी, दिव्यांशी कौशल और सानिध्य उप्रेती निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। सभी को मतगणना के उपरांत परिणामों की घोषणा के बाद शपथ भी दिला दी गयी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story