चरस के साथ दो नशा तस्कर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
चरस के साथ दो नशा तस्कर गिरफ्तार


नई टिहरी, 28 अगस्त (हि.स.)। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत थाना मुनिकीरेती पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने दो कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 409 ग्राम अवैध चरस बरामद की है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी को सीज कर दोनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

एसएसपी श्वेता चौबे ने बताया कि ड्रग्स फ्री उत्तराखंड अभियान के तहत गुरुवार शाम मुनिकीरेती पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की संयुक्त टीम ने ढालवाला के पास चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध स्कूटी पर सवार दो लोगों को रोककर तलाशी ली गई। उनके पास से 409 ग्राम चरस और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद हुआ।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे चरस घनसाली क्षेत्र से लेकर आए थे और इसकी तस्करी कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सागर पुत्र गोपाल (21), निवासी सहारनपुर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी राजू होटल, तपोवन, मुनिकीरेती और धर्म सिंह राणा (50), निवासी ग्राम गंगी, थाना घनसाली के रूप में हुई है।

एसएसआई योगेश चंद्र पांडेय ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया है कि सागर पूर्व में भी नशा तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ थाना ऋषिकेश में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।

एसएसपी चौबे ने कहा कि चरस के स्रोत, तस्करी में शामिल अन्य लोगों और सप्लाई नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आने वाले आरोपितों के खिलाफ भी नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में ढालवाला चौकी प्रभारी आशीष रावत, हेड कांस्टेबल संदीप कुमार, सुंदर और एएनटीएफ निरीक्षक धर्मेंद्र रौतेला, कपिल यादव, विपुल और रविंद्र सिंह शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Share this story