मेडिकल स्टोर संचालक निकला नशे का कारोबारी, 50 इंजेक्शन बरामद
हरिद्वार, 17 जून (हि.स.)। उत्तराखंड में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ और ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत हरिद्वार पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 50 अवैध नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार बहादराबाद थाना क्षेत्र में गश्त और चेकिंग के दौरान नहर पटरी से ज्वालापुर जाने वाले मार्ग पर एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 50 नशीले इंजेक्शन बरामद होने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह डी-फार्मा का छात्र रह चुका है और मेडिकल स्टोर का संचालन भी करता है। दवाइयों की जानकारी होने के कारण उसने अवैध रूप से नशीले इंजेक्शनों का कारोबार शुरू कर दिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि सिडकुल क्षेत्र में काम करने वाले मजदूरों के बीच इन इंजेक्शनों की मांग अधिक होने के कारण वह उनकी आपूर्ति करता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राव रिहान पुत्र अहसान, निवासी बढ़ेड़ी राजपूतान, थाना बहादराबाद, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है।
पुलिस ने कहा कि जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

