बनबसा में नशा तस्करी पर कार्रवाई, युवक गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
बनबसा में नशा तस्करी पर कार्रवाई, युवक गिरफ्तार


चंपावत, 4 फरवरी (हि.स.) । उत्तराखंड के चंपावत जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत बनबसा क्षेत्र में पुलिस को सफलता मिली है। एसओजी और थाना बनबसा पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को 7.07 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमन कुरेशी (24 वर्ष) के रूप में हुई है, जो नई बस्ती वार्ड नंबर-4, बनबसा का निवासी है। उसे बनबसा बाजार में कश्यप होटल के सामने संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से स्मैक बरामद हुई और उसे हिरासत में लिया गया।

आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी है। पुलिस शुरुआती जांच में यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी स्मैक कहां से प्राप्त करता था और किन व्यक्तियों को इसकी आपूर्ति करता था। अधिकारियों का कहना है कि इस गिरफ्तारी से इलाके में नशे के कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत सूचित करें, ताकि युवाओं को इस गंभीर सामाजिक समस्या से बचाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी

Share this story