नशामुक्त युवा कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने लिया नशे से दूर रहने का संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
नशामुक्त युवा कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने लिया नशे से दूर रहने का संकल्प


हरिद्वार, 25 सितंबर (हि.स.)। कन्या गुरुकुल, हरिद्वार स्थित पर्यावरण विज्ञान विभाग में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ‘नशामुक्त युवा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों और शराब के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक व सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए स्वस्थ और नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एनएसएस समन्वयक प्रो. संगीता मदान ने नशीले पदार्थों एवं शराब के गंभीर दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने के साथ-साथ समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विभाग के शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस दौरान भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने नशामुक्ति और स्वस्थ जीवन के महत्व पर अपने विचार रखे। वहीं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के व्यक्ति, परिवार और समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं नशामुक्ति से जुड़े दो विशेष व्याख्यान भी हुए। डॉ. वरिन्दर विर्क ने ‘इम्पोर्टेंस ऑफ न्यूट्रीशन एंड गुड हेल्थ’ विषय पर संतुलित पोषण और स्वस्थ जीवनशैली की जानकारी दी। डॉ. रिचा सैनी ने ‘इम्पेक्ट ऑफ एडिक्शन ऑन गुड हेल्थ’ विषय पर नशे के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों को विस्तार से समझाया।

कार्यक्रम के समापन पर प्रो. संगीता मदान और विद्यार्थियों ने नशामुक्ति की शपथ ली। सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा परिवार और समाज में इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्रो. सुरेखा राणा, प्रो. नमिता जोशी, प्रो. निधि हांडा, डॉ. रितु अरोड़ा और डॉ. कल्पना सागर उपस्थित रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story