नशे से दूर रहकर विकसित भारत के निर्माण में योगदान दें युवा: प्रियंका शुक्ला

WhatsApp Channel Join Now

हरिद्वार, 26 नवंबर (हि.स.)। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को विकास भवन सभागार में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मेरा युवा भारत की सीईओ प्रियंका शुक्ला ने की। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सिमरनजीत कौर मौजूद रहीं।

बैठक में युवाओं को नशे से दूर रहने और समाज में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया। प्रियंका शुक्ला ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्हें नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, कौशल विकास और राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। नशे की शुरुआत व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य के साथ परिवार और समाज पर भी नकारात्मक असर डालती है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सिमरनजीत कौर ने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के साथ उसके परिवार और सामाजिक परिवेश को भी प्रभावित करती है। बैठक में आयुष, राहुल कुमार, आदित्य चौहान, रोशन और मनोज चौहान सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि युवा पीढ़ी को खेल, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़कर नशे के विरुद्ध जनजागरूकता अभियान चलाया जाना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित युवाओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। सभी ने किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन न करने और दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story