नशा मुक्ति अभियान में लापरवाही नहीं, समन्वय से करें काम: एडीएम

WhatsApp Channel Join Now
नशा मुक्ति अभियान में लापरवाही नहीं, समन्वय से करें काम: एडीएम


हरिद्वार, 31 अक्टूबर (हि.स.)। जनपद में प्रतिबंधित तंबाकू एवं नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए नियमित अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। यह निर्देश अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार ने दिए।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जिला कार्यालय सभागार में आयोजित नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन मैकेनिज्म (एनकॉर्ड) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए एडीएम ने नशा मुक्ति अभियान की समीक्षा की। उन्होंने प्रतिबंधित तंबाकू, गुटखा और नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री एवं तस्करी रोकने के साथ युवाओं और विद्यार्थियों को नशे की गिरफ्त से बचाने पर जोर दिया।

एडीएम ने निर्देश दिए कि जनपद में संचालित सभी नशा मुक्ति केंद्रों का संबंधित विभागों के अधिकारी संयुक्त रूप से निरीक्षण करें। निरीक्षण के दौरान केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं, व्यवस्थाओं और निर्धारित मानकों की जांच कर कमियां मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाए।

उन्होंने शिक्षा विभाग को जनपद के सभी विद्यालयों में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए नशा मुक्ति विषय पर निबंध एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित कराने को भी कहा। उन्होंने अभियान में जनसहभागिता बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखकर ही स्वस्थ और नशा मुक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।

बैठक में डिप्टी जेलर प्रमोद भानु, पुलिस उपाधीक्षक संजय चौहान, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी गणेश, सहायक कृषि अधिकारी उत्तम सिंह चौहान, डीसी हेल्थ रोहित यादव, डीसी जीएसटी एवं सेवा कर दीपक कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुबोध शर्मा, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह, एसीएमओ डॉ. नमिता पंत और एएनटीएफ इंस्पेक्टर शांति कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769943 Articles

Share this story