कुंभ के साथ हरिद्वार की पेयजल व्यवस्था भी होगी मजबूत

WhatsApp Channel Join Now
कुंभ के साथ हरिद्वार की पेयजल व्यवस्था भी होगी मजबूत


हरिद्वार, 15 सितंबर (हि.स.)। कुंभ मेला की तैयारियों के साथ हरिद्वार नगर की पेयजल व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है। कुंभ के दौरान बढ़ने वाली पेयजल के लिए मेला क्षेत्र में नई योजनाएं विकसित की जा रही हैं, वहीं शहर के मौजूदा जल वितरण नेटवर्क को भी भविष्य की जरूरतों के अनुरूप सुदृढ़ किया जा रहा है।

हरिद्वार नगर में जल संस्थान के माध्यम से 9.69 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न कार्य कराए जा रहे हैं। इनमें 5.61 करोड़ रुपये से करीब साढ़े नौ किलोमीटर नई पेयजल लाइनें बिछाने और पुरानी लाइनों के प्रतिस्थापन का कार्य शामिल है। सप्तऋषि रोड, दूधाधारी चौक से शांतिकुंज, ब्रह्मपुरी-मनसा देवी मार्ग, बिल्केश्वर कॉलोनी और कनखल में बंगाली हॉस्पिटल से कनखल थाना तक पेयजल लाइनों पर काम हो रहा है।

इसके अलावा भूपतवाला पावन धाम पंपिंग पेयजल आपूर्ति योजना का पुनर्गठन पूरा हो चुका है, जबकि प्राथमिक विद्यालय और श्यामलोक पंपिंग योजना का कार्य अंतिम चरण में है। कुंभ मेला क्षेत्र में अतिरिक्त पेयजल मांग को पूरा करने के लिए उत्तराखंड पेयजल निगम की 29.39 करोड़ रुपये की लागत वाली 35 योजनाओं पर काम चल रहा है।

बैरागी कैंप में 1500 किलोलीटर क्षमता के ओवरहेड टैंक और दो ट्यूबवेल का निर्माण अंतिम चरण में है। लालजीवाला, दक्षद्वीप, गौरीशंकर और पंतद्वीप में पांच आरसीसी इन्फिल्ट्रेशन वेल तथा विभिन्न क्षेत्रों में पांच ट्यूबवेल का निर्माण भी प्रगति पर है।

मेला क्षेत्र की पहले से बनी 10 पेयजल योजनाओं की मरम्मत एवं रखरखाव भी किया जा रहा है। वहीं लालजीवाला इंटेक वेल से पावन धाम ओवरहेड टैंक और सूखी नदी तक राइजिंग मेन व वितरण नेटवर्क के प्रतिस्थापन का कार्य अंतिम चरण में है।

मेलाधिकारी सोनिका के निर्देश पर इन योजनाओं की नियमित समीक्षा की जा रही है। प्रशासन का लक्ष्य कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर पेयजल उपलब्ध कराने के साथ शहरवासियों के लिए भी दीर्घकालीन और भरोसेमंद जलापूर्ति व्यवस्था तैयार करना है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story