खेतीखान क्षेत्र में नालियों की सफाई तेज, जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त

WhatsApp Channel Join Now
खेतीखान क्षेत्र में नालियों की सफाई तेज, जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त


चंपावत, 11 जुलाई (हि.स.)।मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने और जनसुविधाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए जनपद में नालियों की सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने का कार्य लगातार जारी है। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशन में विभिन्न विभागों ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया।

इसी क्रम में लोक निर्माण विभाग लोहाघाट द्वारा सड़क किनारे नालियों की नियमित सफाई कर वर्षा जल की निर्बाध निकासी सुनिश्चित की जा रही है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार भारी बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति से बचाव के लिए विभिन्न स्थानों पर नालियों की सफाई का कार्य किया जा रहा है। वर्तमान में खेतीखान बाजार क्षेत्र के आसपास सफाई अभियान तेज गति से चल रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि नालियों को व्यवस्थित कर वर्षा जल की समुचित निकासी सुनिश्चित की जा रही है, जिससे लोहाघाट-खेतीखान मोटर मार्ग पर जलभराव की समस्या नहीं होगी और यातायात सुचारु बना रहेगा।

प्रशासन ने संबंधित विभागों को मानसून के दौरान संवेदनशील स्थलों पर नियमित निगरानी रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी

Share this story