नाले में नहाने गई दो मासूम बहनों की डूबने से मौत

WhatsApp Channel Join Now
नाले में नहाने गई दो मासूम बहनों की डूबने से मौत


देहरादून, 30 जुलाई (हि.स.)। थाना क्लेमेंटटाउन क्षेत्र में बरसाती नाले में डूबने से दो सगी बहनों की मौत हो गई। दोनों बच्चियां नाले में नहाने गई थीं और तेज बहाव में बहकर रैंप के नीचे फंस गईं।

पुलिस के अनुसार गुरुवार शाम नई बस्ती निवासी राजेश मित्तल ने सूचना दी कि दुर्गा मंदिर के पास बरसाती नाले में दो बच्चियां तेज बहाव में बहकर नाले के ऊपर बने रैंप के नीचे फंस गई हैं। सूचना मिलने पर क्लेमेंटटाउन पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने दोनों बच्चियों को रैंप के नीचे से बाहर निकाल लिया था, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतक बच्चियों की पहचान लक्ष्मी कुमारी (7) और सोनाक्षी कुमारी (3) के रूप में हुई है।

बच्चियों की मां रीना कुमारी ने पुलिस को बताया कि दोनों बेटियां दोपहर के समय घर के बाहर बरसाती नाले में नहाने गई थीं। कुछ देर बाद तलाश करने पर बड़ी बेटी का पैर रैंप के नीचे दिखाई दिया, जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी पानी में डूबने से मौत हो चुकी थी।

रीना कुमारी ने बताया कि वह अपने पति के साथ नई बस्ती में किराये पर रहती हैं और दिहाड़ी मजदूरी करती हैं। उनके पति वर्तमान में किसी काम से बिहार स्थित अपने गांव गए हुए हैं, जिन्हें घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस ने दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर अग्रिम कार्रवाई के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story