आजादी के जश्न की तैयारियां तेज,14 अगस्त को मनाया जाएगा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस

WhatsApp Channel Join Now
आजादी के जश्न की तैयारियां तेज,14 अगस्त को मनाया जाएगा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस


देहरादून, 30 जुलाई (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य और गरिमापूर्ण तरीके से मनाने के लिए देहरादून जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस 14 अगस्त को मनाया जाएगा। मुख्य समारोह ऐतिहासिक परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में गुरुवार को ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का आयोजन भी भव्य रूप से किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रतिभाग करेंगे। उन्होंने वर्ष 1947 के विभाजन से प्रभावित लोगों को कार्यक्रम में आमंत्रित करने और नई पीढ़ी को विभाजन की त्रासदी से अवगत कराने के लिए प्रदर्शनी आयोजित करने के निर्देश दिए।

स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री सुबह 10 बजे परेड ग्राउंड में ध्वजारोहण करेंगे। इससे पहले सभी सरकारी कार्यालयों में सुबह 9 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। समारोह में पुलिस, अर्धसैनिक बल, होमगार्ड, एनसीसी और प्रांतीय रक्षक दल की टुकड़ियां परेड के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देंगी।

इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, राज्य आंदोलनकारियों, खिलाड़ियों और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिस एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। समारोह का सजीव प्रसारण भी किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को 14 अगस्त की शाम से प्रमुख चौराहों पर देशभक्ति गीतों के प्रसारण, सरकारी भवनों की सजावट, शिक्षण संस्थानों में प्रभात फेरियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के निर्देश दिए।

उन्होंने नगर निगम को विशेष स्वच्छता अभियान चलाने, समारोह को प्लास्टिक मुक्त रखने और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा यात्रा एवं साइकिल रैलियां आयोजित करने को कहा। साथ ही स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार, अपर जिलाधिकारी स्मृता परमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story