दून क्लब के हांडी रेस्टोरेंट में मिलीं सड़ी-गली सब्जियां, रेस्टोरेंट बंद
- बासी चावल,पुराने आटे और कॉकरोच-चूहों की मौजूदगी मिली, नोटिस जारी
देहरादून, 13 अक्टूबर (हि.स.)। देहरादून के करणपुर स्थित दून क्लब के हांडी रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन का मामला सामने आया है। खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की संयुक्त टीम के निरीक्षण में रसोईघर और भंडारण स्थलों पर सड़ी-गली सब्जियां, बासी खाद्य सामग्री, गंदगी तथा कॉकरोच और चूहों की मौजूदगी मिली। इस पर रेस्टोरेंट को तत्काल बंद कराते हुए संचालक को 14 दिन का सुधार नोटिस जारी किया गया है।
खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त विनय शंकर पांडेय के निर्देश पर प्रदेश में असुरक्षित और मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को न्यू सर्वे रोड, करणपुर स्थित दून क्लब के हांडी रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया गया। टीम ने रसोईघर,फ्रीजर,खाद्य सामग्री के भंडारण स्थल, बर्तन धोने के स्थान और स्टोर रूम की जांच की।
निरीक्षण के दौरान फ्रीजर में फूलगोभी,मूली,शिमला मिर्च,पत्तागोभी और आलू समेत कई सब्जियां सड़ी-गली अवस्था में मिलीं। टीम को करीब दो दिन पुराने पके चावल,दो से तीन दिन पुराना गूंथा हुआ आटा और लगभग एक सप्ताह पुरानी मोमोज व चाउमीन बनाने की सामग्री भी मिली। खाद्य पदार्थ खुले बर्तनों में रखे हुए थे।
रसोईघर और मसालों की अलमारी में कॉकरोच और चूहों की मौजूदगी पाई गई। मसालों की कई थैलियां चूहों द्वारा कुतरी हुई मिलीं। बर्तन धोने के स्थान पर तीन से चार दिन पुराने जूठे बर्तन, जमा कूड़ा-कचरा और अत्यधिक गंदगी मिली। नालियां जाम थीं और जल निकासी व्यवस्था भी खराब पाई गई।
रेस्टोरेंट प्रबंधन कर्मचारियों की चिकित्सकीय जांच से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। परिसर में कीट नियंत्रण कराए जाने के प्रमाण और इस्तेमाल किए जा रहे पानी की जांच रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं मिली।
संयुक्त टीम ने रेस्टोरेंट से पनीर, दूध और डीप फ्रीजर में रखी तैयार चिकन करी के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे। मौके पर करीब पांच किलोग्राम बासी चावल, 15 किलोग्राम सड़ी-गली सब्जियां और दो किलोग्राम मोमोज समेत बासी चिकन करी नष्ट कराई गई। विभाग के अनुसार, नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा कानूनों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण दल में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिल देव, अभिहित अधिकारी मनीष सयाना और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान दून क्लब के अध्यक्ष मनोज सूरी भी मौजूद थे। टीम ने रेस्टोरेंट के स्वामी अभय सिंह नेगी को खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता संबंधी कमियों को दूर करने के निर्देश दिए।
विभाग ने रेस्टोरेंट संचालक को 14 दिन के भीतर परिसर की सफाई, खराब खाद्य सामग्री का उचित निस्तारण, प्रभावी कीट नियंत्रण, नालियों और जल निकासी व्यवस्था की मरम्मत और पेयजल की गुणवत्ता की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। कर्मचारियों की चिकित्सकीय जांच से संबंधित अभिलेख भी उपलब्ध कराने होंगे। निर्धारित अवधि के बाद दोबारा निरीक्षण कर सुधार कार्यों का सत्यापन किया जाएगा। कमियां दूर नहीं होने पर लाइसेंस निलंबित करने समेत अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।
खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने कहा कि प्रदेशवासियों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। खाद्य पदार्थों में मिलावट, अस्वच्छ परिस्थितियों में भोजन तैयार करने और निर्धारित मानकों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अपर आयुक्त ताजबर जग्गी ने बताया कि प्रदेशभर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण और छापेमारी की जा रही है। खाद्य सामग्री के भंडारण, रसोईघर की स्वच्छता, पेयजल की गुणवत्ता और भोजन तैयार करने की प्रक्रिया पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
वहीं, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने कहा कि दून क्लब जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में इस तरह की अनियमितताएं चिंताजनक हैं। ऐसे संस्थानों में भोजन तैयार करने और परोसने की व्यवस्था का स्वच्छ एवं सुरक्षित होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आमजन के स्वास्थ्य और उपभोक्ता हितों की रक्षा सर्वोपरि है।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

