दून बुक फेस्टिवल: ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष अनुभव साझा कर छात्रों को किया प्रेरित

WhatsApp Channel Join Now
दून बुक फेस्टिवल: ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष अनुभव साझा कर छात्रों को किया प्रेरित


दून बुक फेस्टिवल: ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष अनुभव साझा कर छात्रों को किया प्रेरित


देहरादून, 08 अप्रैल (हि.स.)। दून बुक फेस्टिवल-2026 के पांचवें दिन बुधवार को साहित्यिक संवाद, शैक्षणिक गतिविधियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष अनुभव साझा कर छात्रों को प्रेरित किया।

दून लिट फेस्ट के तहत आयोजित विशेष सत्र में वायु सेना के पायलट एवं अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने अपने अनुभव साझा करते हुए छात्रों को प्रेरित किया। उन्होंने अंतरिक्ष यात्रा से जुड़े अपने अनुभवों को वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से सरल तरीके से प्रस्तुत किया। छात्रों ने उनसे अनेक प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने सहज और प्रेरणादायक उत्तर दिया।

‘लीडरशिप इन यूनिफॉर्म: स्टोरीज ऑफ करेज एंड रिजॉल्व’ विषय पर आयोजित एक अन्य सत्र में लेफ्टिनेंट जनरल सतीश दुआ और वरिष्ठ पत्रकार नीरज राजपूत ने सैन्य नेतृत्व, अनुशासन और बदलते सुरक्षा परिदृश्य पर विचार साझा किए। वक्ताओं ने जटिल सैन्य चुनौतियों के बीच धैर्य और दृढ़ संकल्प की आवश्यकता पर जोर दिया।

बाल मंडप में आयोजित गतिविधियों में 1500 से अधिक बच्चों ने भाग लिया। ‘डांस एंड बॉडी मूवमेंट’, ‘ड्रॉ अ मैस्कॉट’ और ‘पपेट मेकिंग’ जैसी कार्यशालाओं के माध्यम से बच्चों की रचनात्मकता को मंच मिला। ‘टीचर टू फैसिलिटेटर’ सत्र में शिक्षकों और अभिभावकों के लिए सहभागितापूर्ण शिक्षण पद्धति पर चर्चा की गई।

इस दौरान हरिद्वार के सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पुस्तकें व्यक्तित्व विकास और ज्ञानवर्धन का प्रभावी माध्यम हैं तथा ऐसे आयोजन युवाओं को साहित्य, इतिहास और विज्ञान से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

पांचवें दिन का समापन ‘कलर्स ऑफ इंडिया’ बैंड की सांस्कृतिक प्रस्तुति के साथ हुआ, जिसमें लोक, शास्त्रीय और फ्यूजन संगीत की प्रस्तुति ने दर्शकों को आकर्षित किया।

आयोजकों के अनुसार, 9 अप्रैल को भी विभिन्न साहित्यिक सत्रों, बाल गतिविधियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कई प्रमुख वक्ताओं की भागीदारी प्रस्तावित है।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story