पौड़ी में घरेलू गैस आपूर्ति बाधित, उपभोक्ताओं ने लगाया जाम

WhatsApp Channel Join Now
पौड़ी में घरेलू गैस आपूर्ति बाधित, उपभोक्ताओं ने लगाया जाम


पौड़ी गढ़वाल, 21 अप्रैल (हि.स.)। शहर के नए बस अडडे में मंगलवार को घरेलू गैस की आपूर्ति नहीं होने से घंटों लाइन में खड़े इंडेन गैस उपभोक्ताओं ने सड़क पर जाम लगा दिया। इस दौरान सड़कों के दोनो ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। हंगामा बढ़ता देख मौके पर पूर्ति विभाग व पुलिस के अधिकारी भी पहुंचे।

मंगलवार को नए बस अडडे में घरेलू गैस लेने पहुंचे उपभोक्ताओं का कहना था कि यहां पर रोस्टर के अनुसार सोमवार को गैस का आवंटन होना था लेकिन सोमवार को गैस का आवंटन नहीं किया गया। मंगलवार को भी उपभोक्ता सुबह से कड़ी धूप में लाइन में लगकर गैस का इंतजार करते रहे लेकिन घंटों लाइन में लगने के बाद भी गैस नहीं मिली।

उपभोक्ताओं का कहना था कि यहां पर बीते एक महीने से गैस का आवंटन नहीं किया गया है। नाराज उपभोक्ताओं ने पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर कुछ देर के लिए जाम लगाकर प्रदर्शन किया। हंगामे की सूचना मिलते ही मौके पर पूर्ति विभाग व पुलिसबल मौके पर पहुंचा। उपभोक्ताओं ने जल्द ही समस्या के हल की मांग उठाई।

इधर, जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि उपभोक्ताओं के लिए इंडेन गैस एजेंसी की ओर से होम डिलीवरी की सुविधा शुरू कर दी गई है। सोमवार को इसका आलाउंसमेंट भी किया गया था। अब गैस बुकिंग करने के बाद उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी कर गैस बांटी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story