घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यवसायिक उपयोग पर प्रशासन की कार्रवाई, 10 सिलेंडर जब्त

WhatsApp Channel Join Now
घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यवसायिक उपयोग पर प्रशासन की कार्रवाई, 10 सिलेंडर जब्त


हरिद्वार, 16 मार्च (हि.स.)। जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यवसायिक उपयोग पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर जिला पूर्ति विभाग की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग पर कार्रवाई की।

सोमवार को जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने बताया कि आवश्यक वस्तु अधिनियम के अंतर्गत प्राकृतिक गैस (आपूर्ति विनियमन) आदेश-2026 के अनुपालन में जनपद के विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों में सघन जांच अभियान चलाया गया।

उन्होंने बताया कि 15 मार्च को क्षेत्रीय खाद्य अधिकारियों और पूर्ति निरीक्षकों की टीम ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में स्थित होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट सहित कुल 15 व्यापारिक प्रतिष्ठानों में छापेमारी की। जांच के दौरान नवोदय नगर, बहादराबाद से पांच तथा तहसील भगवानपुर से पांच, इस प्रकार कुल 10 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए, जिनका उपयोग व्यवसायिक कार्यों में किया जा रहा था।

जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग केवल घरेलू कार्यों के लिए निर्धारित है। इसका व्यवसायिक गतिविधियों में प्रयोग नियमों के विरुद्ध है और ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि प्राकृतिक गैस, एलपीजी और सीएनजी की आपूर्ति व्यवस्था पर निगरानी रखने के लिए जनपद की 41 गैस एजेंसियों पर 41 नोडल अधिकारियों को नामित किया गया है। ये अधिकारी नियमित रूप से गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर आपूर्ति व्यवस्था और गैस के उपयोग की निगरानी करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story