इंटर्न डॉक्टरों का स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू

WhatsApp Channel Join Now

हल्द्वानी, 07 सितंबर (हि.स.)। राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टरों ने मासिक स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर सोमवार से डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल परिसर में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। इंटर्न डॉक्टर वर्तमान में मिल रहे 17 हजार रुपये मासिक स्टाइपेंड को बढ़ाकर 30 हजार रुपये करने की मांग कर रहे हैं।

इंटर्न डॉक्टरों का कहना है कि मौजूदा महंगाई के दौर में 17 हजार रुपये का स्टाइपेंड पर्याप्त नहीं है। साथ ही अन्य राज्यों में एमबीबीएस इंटर्न को दिए जा रहे स्टाइपेंड की तुलना में उत्तराखंड में मिलने वाली राशि काफी कम है। डॉक्टरों के अनुसार, मांग को लेकर शासन और संबंधित अधिकारियों के समक्ष पहले भी कई बार पक्ष रखा गया, लेकिन समाधान नहीं होने के बाद उन्हें आंदोलन का निर्णय लेना पड़ा।

हड़ताल के दौरान इंटर्न डॉक्टर ओपीडी, आईपीडी, वार्ड और विभागीय नियमित ड्यूटी समेत अस्पताल की अन्य नियमित चिकित्सकीय सेवाओं में अपनी निर्धारित इंटर्नशिप ड्यूटी नहीं करेंगे। हालांकि, आपातकालीन सेवाओं को हड़ताल से अलग रखा गया है और उन्हें सुचारू रखने की बात कही गई है।

इंटर्न डॉक्टरों ने कहा कि आंदोलन शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से किया जाएगा। अस्पताल परिसर में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि 17 हजार से बढ़ाकर 30 हजार रुपये मासिक स्टाइपेंड किए जाने के संबंध में सकारात्मक और लिखित निर्णय होने तक हड़ताल जारी रहेगी।

इंटर्न डॉक्टरों की हड़ताल के बाद अब शासन और स्वास्थ्य विभाग के रुख पर नजर है। मांग पर जल्द निर्णय नहीं होने की स्थिति में अस्पताल की नियमित चिकित्सकीय सेवाओं पर असर बढ़ने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Share this story