सड़क सुरक्षा को लेकर डीएम ने विभागों को दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
सड़क सुरक्षा को लेकर डीएम ने विभागों को दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश


देहरादून, 04 अगस्त (हि.स.)। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित विभागों को ठोस और समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्व भी है और इसके लिए सभी विभागों को समन्वित प्रयास करने होंगे।

मंगलवार को ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने जनपद के सभी चिन्हित ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित स्थलों का विस्तृत सर्वे कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों के सुधार के लिए तत्काल डीपीआर तैयार कर सड़क सुधारीकरण कार्य शुरू किए जाएं।

जिलाधिकारी ने संवेदनशील स्थलों पर प्रकाश व्यवस्था की कमी, बाधक बिजली के पोल, ट्रांसफार्मर और अन्य संरचनाओं को चिह्नित कर उन्हें हटाने या स्थानांतरित करने के प्रस्ताव तैयार करने को कहा। उन्होंने बरसात के कारण सड़कों पर बने गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने तथा शहरी क्षेत्रों में जलभराव रोकने के लिए ड्रेनेज व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए।

उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर आशारोड़ी से डाटकाली टनल तक दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए मोड़ों और चौराहों पर सड़क चौड़ीकरण, रम्बल स्ट्रिप, स्ट्रीट लाइट समेत अन्य सुरक्षात्मक कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी अनधिकृत मीडियन क्रॉसिंग तत्काल बंद कराने को कहा।

जिलाधिकारी ने पर्वतीय क्षेत्रों में ओवरलोडिंग,अनफिट वाहनों और ड्रंक एंड ड्राइव के मामलों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने परिवहन विभाग को विशेष अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ प्रभावी प्रवर्तन सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने प्रत्येक सड़क दुर्घटना का सामाजिक और आर्थिक सर्वे कराने तथा दुर्घटना स्थलों का तकनीकी विश्लेषण कर आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू करने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूल बसों और अन्य विद्यालयी वाहनों की नियमित जांच, फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट और जरूरी दस्तावेजों का सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए प्रवर्तन कार्रवाई के साथ जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाए, जिससे लोग स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित हों। उन्होंने बिना हेलमेट, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।

बैठक में सड़क किनारे प्रकाश व्यवस्था, संकेतक बोर्ड, चेतावनी संकेत,सीसीटीवी कैमरे, डिवाइडर,येलो लाइन,स्पीड डिस्प्ले बोर्ड और टोल बैरियर से पहले स्पीड ब्रेकर जैसे सुरक्षा मानकों को बेहतर करने पर भी चर्चा हुई।

जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा प्रत्येक माह की जाएगी, ताकि दिए गए निर्देशों के अनुपालन की नियमित निगरानी हो सके।

बैठक में पुलिस अधीक्षक यातायात जितेंद्र चौधरी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) स्मृता परमार, लोक निर्माण विभाग, परिवहन विभाग, एनएचएआई और निगम के अधिकारी सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story