हरित हरिद्वार अभियान पर डीएम सख्त: हर अधिकारी लगाएगा 10 पौधे

WhatsApp Channel Join Now
हरित हरिद्वार अभियान पर डीएम सख्त: हर अधिकारी लगाएगा 10 पौधे


हरिद्वार, 01 जून (हि.स.)। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिला कार्यालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने हरित हरिद्वार अभियान को जनआंदोलन बनाने हेतु सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को अपने कार्यालय एवं आसपास के क्षेत्रों में कम से कम 10-10 पौधे लगाने तथा उनकी सुरक्षा और देखरेख सुनिश्चित करने के लिए कहा। साथ ही अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को भी कम से कम एक-एक पौधा रोपित कर उसकी नियमित देखभाल के लिए प्रेरित करने का अनुरोध किया।

बैठक में जिलाधिकारी ने सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में किसी भी सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

डीएम ने नगर निगम, नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों, जिला पंचायत, खंड विकास अधिकारियों और पंचायतराज विभाग को निर्देशित किया कि वर्षा ऋतु शुरू होने से पहले सभी नालों और नालियों की प्राथमिकता के आधार पर सफाई पूरी कर ली जाए, ताकि जलभराव और अन्य समस्याओं से बचा जा सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट हरि गिरी, उपजिलाधिकारी योगेश मेहरा, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story