38 शिकायतों का मौके पर समाधान

WhatsApp Channel Join Now
38 शिकायतों का मौके पर समाधान


हरिद्वार, 18 मई (हि.स.)। मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में जनपदभर से बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। कार्यक्रम में कुल 72 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 38 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देशों के साथ भेजा गया।

जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, बिजली, जलभराव, सड़क, पेयजल, राशन कार्ड और आवास योजना से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध और संवेदनशील तरीके से निस्तारण किया जाए।

कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई, सड़क मरम्मत, भूमि पैमाइश, जलभराव और प्रदूषण जैसी समस्याएं भी उठाई गईं। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, वहां संबंधित विभाग मौके पर पहुंचकर समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतकर्ता को बार-बार जनसुनवाई में आने की नौबत नहीं आनी चाहिए।

बैठक में सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान एल-1 स्तर पर 557 और एल-2 स्तर पर 134 शिकायतें लंबित पाई गईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को 36 दिनों से अधिक लंबित शिकायतों का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. लालित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान, मुख्य चिकित्साधिकारी आर.के. सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story