जिलाधिकारी ने सुनीं 50 शिकायतें,समयबद्ध समाधान पर जोर
पौड़ी गढ़वाल, 24 अगस्त (हि.स.)। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने 50 शिकायतों की सुनवाई की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान आवारा पशुओं, विधवा पेंशन, श्मशान घाट के लिए भूमि उपलब्ध कराने, झूलापुल की मरम्मत, पेयजल और गैस सिलेंडर से जुड़ी समस्याएं सामने आईं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पूर्व में प्राप्त शिकायत के आधार पर ग्राम खोन की मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को उपचार के लिए राजकीय मानसिक सेवा संस्थान, सेलाकुई, देहरादून भेजा गया। वहीं थली गांव में दूषित पेयजल की शिकायत पर जल संस्थान ने क्लोरीनेशन कराने के साथ पानी के नमूने जांच के लिए भेजे। साथ ही पृथक पाइपलाइन के माध्यम से पेयजल आपूर्ति सुचारू कराई गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल शिकायत दर्ज करना नहीं, बल्कि उनका प्रभावी और स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता, तत्परता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

