डीएम ने तहसील टनकपुर का किया औचक निरीक्षण, सुधार व सेवा गुणवत्ता पर दिया जोर

WhatsApp Channel Join Now
डीएम ने तहसील टनकपुर का किया औचक निरीक्षण, सुधार व सेवा गुणवत्ता पर दिया जोर


डीएम ने तहसील टनकपुर का किया औचक निरीक्षण, सुधार व सेवा गुणवत्ता पर दिया जोर


चंपावत, 14 जनवरी (हि.स.)। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने तहसील टनकपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयों में व्यवस्थाओं और जनसेवा की गुणवत्ता का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी न्यायालय, तहसीलदार न्यायालय, अभिलेख कक्ष और आरसीएमएस कक्ष सहित विभिन्न विभागों का दौरा किया। उन्होंने न्यायालयों में चल रहे वादों की स्थिति, उनके निस्तारण की प्रगति और ऑनलाइन कोर्ट कार्यवाही की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने आरसीएमएस पोर्टल पर प्रतिदिन अपडेट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि वादकारी समय पर सटीक जानकारी प्राप्त कर सकें।

तहसील कार्यालय में अभिलेखों और दस्तावेजों के सुरक्षित तथा व्यवस्थित रख-रखाव पर विशेष ध्यान दिया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सभी महत्वपूर्ण दस्तावेजों की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालय परिसर की स्वच्छता पर भी जोर देते हुए कर्मचारियों को लगातार सफाई बनाए रखने के लिए कहा।

जिलाधिकारी ने राइट टू सर्विस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और अन्य जन शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को जनसेवा में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही बनाए रखने पर भी बल दिया।

इस निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी टनकपुर आकाश जोशी, तहसीलदार जगदीश नेगी और अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी

Share this story