सीवर खुदाई से खराब सड़कें एक सप्ताह में होंगी दुरुस्त

WhatsApp Channel Join Now
सीवर खुदाई से खराब सड़कें एक सप्ताह में होंगी दुरुस्त


हरिद्वार, 30 सितंबर (हि.स.)। भूपतवाला और सप्तसरोवर क्षेत्र में सीवरेज कार्य के चलते क्षतिग्रस्त सड़कों की धीमी मरम्मत पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कड़ी नाराजगी जताई।

बुधवार को पुराना एआरटीओ चौक, सप्तऋषि मार्ग समेत आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए उन्होंने ठेकेदार को फटकार लगाई और एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण मरम्मत पूरी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने पाया कि सीवर लाइन के लिए खोदी गई सड़कों के पुनर्स्थापना की गति बेहद धीमी है। जगह-जगह गड्ढों से स्थानीय लोगों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं को परेशानी हो रही है। उन्होंने लोनिवि के अधिशासी अभियंता को क्षतिग्रस्त सड़कों और सीवर चैंबरों को प्राथमिकता से ठीक कराने को कहा।

जिलाधिकारी ने लोनिवि और राष्ट्री राजमार्ग के अधिकारियों को 15 अक्टूबर तक सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए। मरम्मत में गुणवत्ता और स्थायी समाधान पर जोर दिया।

जल संस्थान को एक सप्ताह में क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनें दुरुस्त करने को कहा गया, ताकि आपूर्ति बाधित न हो। विद्युत विभाग को सड़क किनारे के बॉक्स, अव्यवस्थित तारों को ठीक करने और पोलों पर लगे अनधिकृत होर्डिंग हटाने के निर्देश दिए।

नगर निगम को विशेष सफाई अभियान और नालों की सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया। डीएम ने कहा कि यह क्षेत्र श्रद्धालुओं की दृष्टि से महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी विभाग समन्वय से काम करें।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त नंदन कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, गंगा डिवीजन की परियोजना प्रबंधक मीनाक्षी मित्तल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story