जिलाधिकारी ने लैंसडाउन-जयहरीखाल क्षेत्र का किया निरीक्षण, गुणवत्ता और स्वच्छता पर दिया जोर
पौड़ी गढ़वाल, 10 मई (हि.स.)।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने शनिवार को लैंसडाउन एवं जयहरीखाल क्षेत्र का व्यापक स्थलीय निरीक्षण कर विभिन्न विभागीय व्यवस्थाओं, निर्माणाधीन परियोजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता, सुरक्षा, स्वच्छता एवं समयबद्ध कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से संचालित करने तथा जनसुविधाओं को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया।
जिलाधिकारी ने लैंसडाउन तहसील का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजस्व लेखाकार अनुभाग, कानून अनुभाग, पेयजल व्यवस्था, शौचालयों की स्वच्छता, सूचना पटल, अभिलेखों, रजिस्टरों एवं मॉडर्न रिकॉर्ड रूम का अवलोकन किया। उन्होंने कार्यालय में साइनेज लगाते हुए परिसर में स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी, तहसीलदार तथा नायब तहसीलदार न्यायालयों का निरीक्षण कर न्यायिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने पीआरडी एवं होमगार्ड स्वयंसेवकों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन परिसर में साफ-सफाई, पेंटिंग, पौधरोपण एवं डेकोरेटिव लाइट्स के माध्यम से सौंदर्यीकरण कार्य एक माह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी पेयजल स्थलों पर साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए तथा जिला योजना से निर्मित पेयजल योजनाओं का उपजिलाधिकारी स्तर से नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने पेयजल आपूर्ति प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए जल निगम अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत सुझावों के आधार पर विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन गुमखाल–सतपुली राष्ट्रीय राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, यातायात प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। सड़क किनारे मलबा पड़े रहने पर उन्होंने कड़ी नाराज़गी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने पक्की नालियों एवं डंपिंग जोन की स्थिति की भी जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी शालिनी मौर्य, अधिशासी अभियंता लोनिवि विवेक कुमार, जल निगम अजय बेलवाल, प्रभारी तहसीलदार विद्यानंद सेमवाल, नाजिर मनोज रावत, राजस्व उपनिरीक्षक अशोक चंद्र जोशी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी बिजेंद्र भंडारी सहित राजस्व विभाग, एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग धुमाकोट प्रभाग के सहायक अभियंता खुशवंत शर्मा एवं प्रोजेक्ट मैनेजर पवनेश व्यास भी मौके पर मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

