जिलाधिकारी ने नियमों के उल्लंघन पर 17 होमस्टे के पंजीकरण निरस्त किए

WhatsApp Channel Join Now
जिलाधिकारी ने नियमों के उल्लंघन पर 17 होमस्टे के पंजीकरण निरस्त किए


देहरादून, 29 अप्रैल (हि.स.)। जनपद में कानून व्यवस्था सुदृढ़ रखने व आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर होमस्टे की जांच करायी गई। जांच में 17 होमस्टे में मानकों का उल्लंघन पाया गया। प्रशासन ने इनके पंजीकरण को निरस्त करते हुए पर्यटन की वेबसाइट से इनके नामों को विलोपित की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

उल्लेखनीय है कि विगत कई माह से शहर में बढ़ती आपराधिक घटना नशे व ओवर स्पीड में वाहन चलाना अदि घटनाएं बढ़ी है। जिसका एक बडे़ कारण में से एक होमस्टे में रात भर नियम विस्द्ध बार संचालन आदि निकल कर सामने आए हैं,जहां लाउड डीजे नशा अय्याशी के अड्डे बन रहे होमस्टे में उपद्रवी प्रवृत्ति के व्यक्तियों के ठहरने से आमजन की जान का खतरा बना हुआ है।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि होमस्टे होटल में निर्धारित प्रक्रिया पालन किए बिना पर्यटक व उपद्रवी प्रवृत्ति के लोग ठहराए जा रहे हैं। होमस्टे भी लीज पर संचालित हो रहे हैं, जो जिले की कानून व्यवस्था के लिए चुनौती बन रहे हैं। उपद्रवी प्रवृत्ति के व्यक्तियों द्वारा शहर में हुड़दंग मचाने तथा नशे की हालत में ओवर स्पीड, पिस्टल तमचों से फायरिंग की घटनाएं भी सामने आ रही है। उन्होंने बताया कि महज 07 दिनों में मजिस्ट्रेट की 05 टीमें बनाकर इस भारी अव्यवस्था के छिपे कारक को बाहर निकाल दिया है।

जिलाधिकारी कहा कि होमस्टे योजना का मूल उद्देश्य स्थानीय संस्कृति, पारंपरिक व्यंजनों के प्रचार-प्रसार तथा स्थानीय निवासियों की आय में वृद्धि करना है,किंतु निरीक्षण के दौरान कई होमस्टे का उपयोग होटल अथवा व्यावसायिक प्रतिष्ठान के रूप में पाया गया।

जिलाधिकारी के निर्देशानुसार सहसपुर एवं रायपुर विकासखंड के नगरीय क्षेत्रों में पंजीकृत होमस्टे की जांच के क्षेत्रवार समितियों का गठन किया गया। समितियों द्वारा निरीक्षण उपरांत 17 होमस्टे ऐसे पाए गए जो उत्तराखण्ड गृह आवास (होमस्टे) नियमावली के प्रावधानों के अनुरूप संचालित नहीं हो रहे थे। इन सभी के पंजीकरण निरस्त करने की संस्तुति की गई, जिसे स्वीकार कर प्रशासन द्वारा कार्रवाई की गई।

निरीक्षण के दौरान निरंजनपुर स्थित एक होमस्टे में विदेशी नागरिकों के ठहराव की सूचना नियमानुसार उपलब्ध नहीं कराई गई व अग्निशमन उपकरण की वैधता समाप्त पाई गई। बल्लूपुर क्षेत्र में पंजीकरण से अधिक कमरों का संचालन किया जाना पाया गया। कुछ होमस्टे में स्वामी के स्थान पर अन्य व्यक्तियों द्वारा व्यावसायिक रूप से संचालन किया जा रहा था।

मसूरी क्षेत्र में एक होमस्टे का स्वामित्व विक्रय किया जाना तथा अन्य का नवीनीकरण न कराया जाना पाया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि जनपद में संचालित सभी होमस्टे संचालक नियमावली का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें। भविष्य में भी इस प्रकार की जांच अभियान जारी रहेगा व किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Share this story