रेलवे स्टेशन क्षेत्र में ट्रैफिक सुधार की कवायद तेज, डिवाइडर कटों पर बैरिकेडिंग

WhatsApp Channel Join Now
रेलवे स्टेशन क्षेत्र में ट्रैफिक सुधार की कवायद तेज, डिवाइडर कटों पर बैरिकेडिंग


हरिद्वार, 19 अक्टूबर (हि.स.)। त्योहारी सीजन में यात्रियों और श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के बीच रेलवे स्टेशन एवं बस अड्डा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुधारने की कवायद तेज हो गई है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर संयुक्त निरीक्षण में दिए गए सुझावों को धरातल पर उतारना शुरू कर दिया गया है।

इसी क्रम में रेलवे स्टेशन के गेट संख्या दो और छह के बीच स्थित डिवाइडर कटों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है। वहीं, सड़क पर सवारियां बैठाने और उतारने वाले ऑटो-विक्रम के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी तेज की गई है।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि रेलवे स्टेशन और बस अड्डे के आसपास जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए यातायात व्यवस्था में बदलाव किए जा रहे हैं। डिवाइडर कटों पर बैरिकेडिंग का उद्देश्य अनावश्यक यू-टर्न और विपरीत दिशा में वाहनों की आवाजाही रोकना है, जिससे मुख्य मार्ग पर यातायात का संचालन सुचारु हो सके।

देवपुरा से शिवमूर्ति चौक तक नो ई-रिक्शा जोन की तैयारी

संयुक्त निरीक्षण में देवपुरा चौक से शिवमूर्ति चौक तक के मार्ग को नो ई-रिक्शा जोन बनाने की संस्तुति की गई है। इस संबंध में पुलिस विभाग की ओर से आवश्यक आदेश जारी करने की प्रक्रिया चल रही है। प्रतिबंध लागू होने के बाद इसके पालन की निगरानी के लिए छह होमगार्ड जवानों की तैनाती का प्रस्ताव भी दिया गया है। इस व्यवस्था का उद्देश्य रेलवे स्टेशन और बस अड्डे के सामने ई-रिक्शा की अनियंत्रित आवाजाही पर अंकुश लगाना है।

चार एएनपीआर कैमरों से होगी निगरानी

यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की पहचान के लिए क्षेत्र में चार ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (एएनपीआर) कैमरे लगाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। कैमरों की स्थापना से नियम तोड़ने वाले वाहनों को चिह्नित करने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।

सड़क पर सवारी बैठाने-उतारने पर कार्रवाई

रेलवे स्टेशन एवं बस अड्डा क्षेत्र में निर्धारित स्थानों के बजाय सड़क पर सवारियां बैठाने और उतारने वाले ऑटो-विक्रम के खिलाफ लगातार चालान किए जा रहे हैं। पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ परिवहन विभाग की मोबाइल प्रवर्तन टीमें भी नियमित निरीक्षण कर रही हैं। त्योहारी सीजन में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए निगरानी और प्रवर्तन की कार्रवाई को और प्रभावी बनाया जा रहा है।

गेट नंबर दो से प्रवेश, छह से निकासी की व्यवस्था

संयुक्त निरीक्षण में रेलवे स्टेशन के गेट संख्या दो से वाहनों के प्रवेश और गेट संख्या छह से निकासी की व्यवस्था लागू करने का सुझाव भी दिया गया है। इसके अलावा सवारियों को निर्धारित स्थानों पर ही बैठाने और उतारने सहित यातायात संचालन को व्यवस्थित करने के उपाय प्रस्तावित हैं। इन व्यवस्थाओं को चरणबद्ध तरीके से लागू करने के लिए पुलिस, परिवहन विभाग, नगर निगम और अन्य संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय किया जा रहा है।

जिला प्रशासन का कहना है कि रेलवे स्टेशन एवं बस अड्डा क्षेत्र में सुरक्षित और सुचारु यातायात व्यवस्था विकसित करना प्राथमिकता है। प्रशासन ने ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा चालकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा निर्धारित स्थानों पर ही सवारियां बैठाने और उतारने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763367 Articles

Share this story