बालश्रम उन्मूलन को चलाया छापेमारी अभियान

WhatsApp Channel Join Now
बालश्रम उन्मूलन को चलाया छापेमारी अभियान


बालश्रम उन्मूलन को चलाया छापेमारी अभियान


पौड़ी गढ़वाल, 08 जुलाई (हि.स.)। जिले को बालश्रम मुक्त बनाने को लेकर जिला परिवीक्षा कार्यालय द्वारा जनपद मुख्यालय क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान दुकानों, होटलों, शोरूम और वर्कशॉप्स का निरीक्षण किया गया।

बुधवार को जिला परिवीक्षा कार्यालय द्वारा वर्ष 2026 की थीम बालश्रम को रेड कार्ड: बच्चों को सुरक्षित बचपन और वयस्कों को सम्मानजनक रोजगार के तहत पैन इंडिया रेस्क्यू एंड रिहैबिलिटेशन कैंपेनिंग-4.0 के तहत बाल एवं किशोर श्रम की रोकथाम, बचाव एवं पुनर्वास के लिए संयुक्त अभियान संचालित किया गया।

जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान जिला टास्क फोर्स के दल ने पौड़ी बाजार, लोअर बाजार, बस स्टेशन, श्रीनगर रोड सहित विभिन्न दुकानों, होटलों, शोरूम एवं वर्कशॉप्स का निरीक्षण किया। निरीक्षण में कोई भी बालक खतरनाक कार्य में संलग्न नहीं पाया गया और किसी भी किशोर को प्रतिबंधित एवं खतरनाक कार्यों में नियोजित नहीं पाया गया।

इस अवसर पर दल ने व्यापारियों एवं लोगों को बालश्रम उन्मूलन संबंधी कानूनों की जानकारी देते हुए बच्चों को शिक्षा से जोड़ने और बालश्रम से दूर रखने का संदेश भी दिया। कहा कि बालश्रम मुक्त समाज के निर्माण के लिए जनसहभागिता और जागरुकता आवश्यक है।

इस मौके पर श्रम प्रवर्तन अधिकारी मोहन बेलवाल, संरक्षण अधिकारी प्रज्ञा नैथानी, चाइल्ड हेल्पलाइन की केस वर्कर पूजा नेगी, बाल कल्याण समिति की सदस्य गंगोत्री नेगी, सीमा देवी, रामेश्वरी आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story