हरिद्वार: जिला योजना समिति बैठक का विपक्षी विधायकों ने किया बहिष्कार
हरिद्वार, 29 अप्रैल (हि.स.)। जनपद के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज की अध्यक्षता में बुधवार को जिला योजना समिति की बैठक शुरू होते ही कांग्रेस विधायक रवि बहादुर, ममता राकेश, वीरेंद्र जाती, अनुपमा रावत, फुरकान अहमद और बहुजन समाज पार्टी (बसपा)विधायक मो. शहजाद ने विरोध में विविध आरोप लगाते हुए बैठक का बहिष्कार किया। बहिष्कार करते हुए इन विधायकों ने धामी सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।
विधायकों ने आरोप लगाया कि जिला योजना समिति की बैठक जनता के बजाय ठेकेदार हितों को ध्यान में रखकर आयोजित की गई है। विकास योजनाओं में ना तो पारदर्शिता है और ना ही जन प्रतिनिधियों की राय को महत्व दिया जा रहा है। विपक्षी विधायकों ने कहा कि योजनाओं के चयन और बजट आवंटन में मनमानी की जा रही है, जिससे क्षेत्रीय जरूरतों की अनदेखी हो रही है। बहिष्कार के बाद इन विधायकों ने कलेक्ट्रेट परिसर में धरना भी दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

