पौड़ी बस अड्डे के पास बनेगी नई नाली, डीएम ने एक माह में काम पूरा करने के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
पौड़ी बस अड्डे के पास बनेगी नई नाली, डीएम ने एक माह में काम पूरा करने के दिए निर्देश


पौड़ी गढ़वाल, 04 अगस्त (हि.स.),।पौड़ी बस अड्डे के पास बरसात में जलभराव और जल निकासी की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को एक माह के भीतर नई नाली का निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को राष्ट्रीय राजमार्ग के निरीक्षण के दौरान उन्होंने जर्जर नाली की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि बरसाती पानी की निकासी में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय सभासदों ने जिलाधिकारी को बताया कि नाली जाम होने से बरसात का पानी पौड़ी गांव की ओर बह जाता है, जिससे आसपास के मकानों के पास भू-धंसाव जैसी स्थिति बनने लगी है। इस पर जिलाधिकारी ने नगर पालिका को कार्य की नियमित निगरानी करने और प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

लोक निर्माण विभाग (राष्ट्रीय राजमार्ग) के अधिकारियों ने जिलाधिकारी को आश्वस्त किया कि नाली निर्माण का कार्य एक माह के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि यह कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जाए ताकि बस अड्डे और आसपास के क्षेत्र में जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story