जनता मिलन मे डीएम को बताई समस्याय
पौड़ी गढ़वाल, 11 मई (हि.स.)। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनता मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न विभागों से संबंधित लगभग एक दर्जन शिकायतें प्राप्त हुईं।
जिलाधिकारी ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन सहित किसी भी माध्यम से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक जवाबदेह एवं दक्ष बनाने के उद्देश्य से ई-ऑफिस व्यवस्था के अंतर्गत ई-फाइलिंग प्रणाली को व्यवहारिक रूप से लागू करने के निर्देश भी दिए।
जनता मिलन कार्यक्रम में लोगो ने पेयजल, सड़क, नगर निकाय, ट्रैफिक एवं राजस्व संबंधी विभिन्न समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखी गईं। पौड़ी लक्ष्मीनारायण निवासी सुमन नेगी द्वारा बरसात के दौरान बंद नाली से आवासीय भवन को खतरा होने की शिकायत पर अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। ग्राम भैस्वाड़ा निवासी राजेंद्र सिंह की भवन मानचित्र निरस्तीकरण संबंधी शिकायत पर जिला विकास प्राधिकरण अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ नापजोख कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।
कण्डारा गांव निवासी हुकम सिंह द्वारा सार्वजनिक स्टैंड पोस्ट पर पेयजल आपूर्ति बाधित होने की शिकायत पर अधीक्षण अभियंता जल संस्थान को जल्द जेई भेजकर समस्या का समाधान सुनिश्चित करने को कहा। वहीं उल्ली गांव निवासी विपिन सिंह की अनाथ प्रमाण पत्र बनाए जाने संबंधी शिकायत पर जिला परिवीक्षा अधिकारी को आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर शीघ्र प्रमाण पत्र जारी कराने को कहा गया।
इसके अतिरिक्त नगर क्षेत्र में लटकी टीवी केबल एवं पुरानी टेलीफोन तारों को हटाने, मृत पशुओं के निस्तारण हेतु भूमि उपलब्ध कराने, पाइपलाइनों के जाल से प्रभावित रास्तों की समस्या तथा ट्रैफिक व्यवस्था को देखते हुए माल रोड से नगर पालिका एवं कलेक्ट्रेट तक सड़क चौड़ीकरण संबंधी मामलों पर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला, अधीक्षण अभियंता जल संस्थान प्रवीण सैनी, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना, सीओ तुषार बोरा, जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल, अधिशासी अभियंता जिला विकास प्राधिकरण रणबीर सिंह, लोनिवि विवेक सेमवाल, रीना नेगी, विद्युत विभाग के अभिनव रावत, जल निगम के नवनीत कटारिया, ग्रामीण निर्माण विभाग के विनोद कुमार जोशी, मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया, परियोजना प्रबंधक उरेडा चंद्रप्रकाश उपाध्याय, जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भंडारी, तहसीलदार राजेंद्र गोस्वामी, एसडीओ वन आयशा बिष्ट, एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

