जिला एथलेटिक्स प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, नेशनल प्रतियोगिता के लिए टीम चयन

WhatsApp Channel Join Now
जिला एथलेटिक्स प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, नेशनल प्रतियोगिता के लिए टीम चयन


हरिद्वार, 26 अक्टूबर (हि.स.)। जिला एथलेटिक एसोसिएशन के तत्वावधान में नेशनल इंटर डिस्ट्रिक्ट एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए हरिद्वार जनपद की टीम के चयन हेतु जिला एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन जमदगनी स्पोर्ट्स स्टेडियम, पिपली लक्सर में किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन नेशनल मास्टर्स गेम्स के पदक विजेता एवं समाजसेवी विजय पाल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।

प्रतियोगिता में हरिद्वार जनपद के बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में ओजस्वी भंडारी, आर्यन शर्मा, वंश कटारिया, शुभम, अजय नौटियाल, सौरभ कुमार, आरुषि सैनी और तनु सहित अन्य खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।

विजेता खिलाड़ियों को अपने समय के जाने-माने फुटबॉल खिलाड़ी राजेंद्र कुमार ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया। देर शाम तक चली प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में माधुरी गुप्ता, जीतू राठौर, मोतीराम सैनी, अभिषेक चौधरी, प्रमोद कुमार, दीपक सैनी, निशु कुमार, गुड्डू सैनी, अरुण कुमार, करणपाल, सार्थक कुमार, रितिक कुमार, राजेश मिश्रा तथा विद्यालय परिवार का विशेष योगदान रहा।

इस अवसर पर राज्य मंत्री एवं समाजसेवी ओमप्रकाश जमदगनी, एथलेटिक एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, चेयरमैन चौधरी जसवीर बसेड़ा, डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स अकादमी के अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल, विद्यालय की प्रधानाचार्य मीनू शर्मा और अभिषेक जमदगनी सहित अन्य लोगों ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर हरिद्वार जनपद का नाम रोशन करेंगे। साथ ही सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767119 Articles

Share this story