भाजपा नेताओं के बीच विवाद थमा, संगठन में बनी सहमति

WhatsApp Channel Join Now

हरिद्वार, 07 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के सप्तऋषि मंडल महामंत्री विकास गुप्ता और क्षेत्रीय पार्षद आकाश भाटी के बीच चल रहा विवाद फिलहाल समाप्त हो गया है। पार्टी संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों की पहल और अनुशासन की नसीहत के बाद दोनों नेताओं ने आपसी मतभेद भुलाकर विवाद को विराम दे दिया है।

गौरतलब है कि दो दिन पहले मंडल महामंत्री विकास गुप्ता ने पार्षद आकाश भाटी पर कथित रूप से जान से मारने और नाले में गाड देने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई थी। मामला मीडिया तक भी पहुंच गया था।

सूत्रों के अनुसार, इसके बाद मध्य हरिद्वार स्थित भाजपा कार्यालय में संगठन के वरिष्ठ नेताओं ने दोनों पक्षों से बातचीत की और पार्टी अनुशासन का पालन करने की हिदायत दी। संगठन की सहमित के बाद दोनों नेताओं ने सार्वजनिक रूप से विवाद को आगे न बढ़ाने का निर्णय लिया और फिलहाल मामला शांत हो गया है। हालांकि, पुलिस को दी गई तहरीर पर क्या कार्रवाई होगी, इसे लेकर अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं, भाजपा संगठन की कोशिश रही कि आंतरिक विवाद सार्वजनिक रूप से न बढ़े और आपसी संवाद के माध्यम से उसका समाधान निकाला जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story