बदरी-केदार मंदिर समिति भंग कर निष्पक्ष जांच की मांग, कांग्रेस का प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
बदरी-केदार मंदिर समिति भंग कर निष्पक्ष जांच की मांग, कांग्रेस का प्रदर्शन


बदरी-केदार मंदिर समिति भंग कर निष्पक्ष जांच की मांग, कांग्रेस का प्रदर्शन


ज्योतिर्मठ, 06 जुलाई (हि. स.)। बद्रीनाथ से कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला ने आरोप लगाया कि राज्य की भाजपा सरकार अब मंदिरों की संपत्ति पर भी हाथ डाल रही है और बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) से जुड़े कथित चढ़ावा चोरी प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।

नगर पालिका सभागार में जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक को संबोधित करते हुए बुटोला ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार को उसके कार्यों के लिए कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने पिछले दस वर्षों में जनता का विश्वास तोड़ा है और अब आस्था के केंद्रों को भी विवादों में घसीटा जा रहा है।

बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश डिमरी ने तथा संचालन नगर कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश नेगी ने किया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दिगम्बर बिष्ट ने कार्यकर्ताओं का स्वागत किया।

बैठक के बाद विधायक बुटोला के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चौराहे पर बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी का पुतला दहन किया। इसके बाद एसडीएम के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर बदरी-केदार मंदिर समिति को भंग करने तथा कथित चढ़ावा चोरी प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई।

इस दौरान कई लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता भी ग्रहण की। बैठक में पूर्व जिला अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह रावत, एससी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष सूरज सैलानी, ब्लॉक प्रमुख अनूप नेगी, प्रधान संघ अध्यक्ष मोहन लाल बजवाल, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम फर्स्वाण, प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मी लाल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमल रतूड़ी, रामेश्वर थपलियाल, कांग्रेस आईटी सेल के प्रदेश महासचिव सतीश डिमरी सहित पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण

Share this story