आपदा पूर्व चेतावनी प्रणाली को सुदृढ़ करने के लिए परीक्षण अलर्ट जारी

WhatsApp Channel Join Now
आपदा पूर्व चेतावनी प्रणाली को सुदृढ़ करने के लिए परीक्षण अलर्ट जारी


-एक सप्ताह तक चलेगा अलर्ट सिस्टम का परीक्षण, आमजन से सहयोग की अपील

देहरादून, 20 मार्च (हि.स.)। उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने राज्य में आपदा पूर्व चेतावनी प्रणाली को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए परीक्षण अलर्ट जारी किया है। यह पहल राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सहयोग से संचालित की जा रही है, जिसका उद्देश्य संभावित आपदाओं से पहले आमजन को समय पर सतर्क करना है।

शुक्रवार को प्राधिकरण की ओर से राज्य में स्थापित आपातकालीन सूचना प्रसारण प्रणाली की कार्यक्षमता परखने के लिए परीक्षण अलर्ट जारी किया गया। इस परीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आपदा की स्थिति में सूचना समयबद्ध और व्यापक रूप से लोगों तक पहुंच सके।

प्राधिकरण के अनुसार इस प्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं विश्वसनीय बनाने के लिए आगामी एक सप्ताह तक नियमित परीक्षण किए जाएंगे। इन परीक्षणों के माध्यम से विभिन्न मोबाइल नेटवर्क सेवा प्रदाताओं के तहत अलर्ट संदेशों की पहुंच और प्रभावशीलता का मूल्यांकन किया जाएगा, साथ ही उन क्षेत्रों की पहचान की जाएगी जहां सुधार की आवश्यकता है।

प्राधिकरण के अनुसार जारी किया गया परीक्षण अलर्ट आपातकालीन सूचना प्रसारण प्रणाली की कार्यक्षमता का मूल्यांकन करने के लिए है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि किसी भी आपदा की स्थिति में अलर्ट संदेश त्वरित और व्यापक रूप से नागरिकों तक पहुंच सके।

अधिकारियों ने बताया कि इस प्रणाली के परीक्षण आगामी एक सप्ताह तक जारी रहेंगे। इस दौरान विभिन्न मोबाइल नेटवर्क सेवा प्रदाताओं के माध्यम से अलर्ट संदेशों के प्रसारण की प्रभावशीलता का आकलन किया जाएगा और उन क्षेत्रों की पहचान की जाएगी, जहां सुधार की आवश्यकता है। इसके साथ ही यह भी परीक्षण किया जा रहा है कि अलग-अलग परिस्थितियों में अलर्ट संदेश कितनी तेजी और सटीकता के साथ आम नागरिकों तक पहुंचते हैं। इस प्रक्रिया से भविष्य में आपदा के समय जन-धन की हानि को न्यून करने में मदद मिलेगी।

प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि वे परीक्षण अलर्ट को गंभीरता से लें, लेकिन किसी प्रकार की अफवाह या घबराहट से बचें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। अधिकारियों का कहना है कि यह पहल राज्य को आपदाओं के प्रति अधिक सजग और सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story