अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य तेज हों, बंद सड़कें जल्द खुलें : गढ़वाल आयुक्त

WhatsApp Channel Join Now
अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य तेज हों, बंद सड़कें जल्द खुलें : गढ़वाल आयुक्त


-चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

देहरादून, 29 जुलाई (हि.स.)। गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मानसून के दौरान अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों में आपदा राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाई जाए और वर्षा से अवरुद्ध मोटर मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र खोला जाए। उन्होंने कहा कि अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य तेज हों और बंद सड़कें जल्द खुलें, इसकी व्यवस्था सुनिश्चित की जाय।

गढ़वाल आयुक्त ने बुधधार काे को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मंडल के सभी जिलाधिकारियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मानसून और आपदा प्रबंधन की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में सरकारी एवं निजी परिसंपत्तियों की क्षति का तत्काल आकलन किया जाए। उन्होंने जनहानि एवं पशुहानि के मामलों में प्रभावित परिवारों को नियमानुसार अहैतुक सहायता राशि समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नदी-नालों और गाड़-गदेरों के किनारे रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाकर भोजन, आवास और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। मैदानी क्षेत्रों में जलभराव रोकने के लिए जल निकासी व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने को भी कहा गया।

आयुक्त ने कहा कि किसी भी दैवीय आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों में विलंब नहीं होना चाहिए। उन्होंने बताया कि सभी जनपदों को आपदा राहत मद में पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराई गई है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त धनराशि के लिए तत्काल शासन को प्रस्ताव भेजा जाए।

चारधाम यात्रा की समीक्षा के दौरान आनंद स्वरूप ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। मौसम विभाग की भारी वर्षा संबंधी चेतावनी के मद्देनजर प्रतिकूल परिस्थितियों में यात्रा को एहतियातन अस्थायी रूप से रोकने तथा श्रद्धालुओं को सुरक्षित पड़ावों पर ठहराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और स्थानीय संसाधनों तथा आपदा प्रबंधन तंत्र को पूरी तरह सक्रिय रखने के भी निर्देश दिए।

बैठक में अपर आयुक्त उत्तम सिंह चौहान सहित देहरादून,हरिद्वार,टिहरी,पौड़ी,चमोली,रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी के जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story