उत्तराखंड के 13 जिलों में 1,200 से अधिक स्थानों पर मॉक ड्रिल, आपदा से निपटने की तैयारियों का हुआ परीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड के 13 जिलों में 1,200 से अधिक स्थानों पर मॉक ड्रिल, आपदा से निपटने की तैयारियों का हुआ परीक्षण




देहरादून, 28 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में आपदाओं से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए शनिवार को राज्यव्यापी मॉक अभ्यास आयोजित किया गया। सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की वर्षगांठ पर आपदा प्रबंधन दिवस के तहत राज्य के सभी 13 जनपदों और तहसील स्तर पर 1,200 से अधिक स्थानों पर मॉक ड्रिल की गई। इस दौरान भूकंप, भूस्खलन, बाढ़, बादल फटने, अग्निकांड, सड़क दुर्घटना और सुरंग हादसों समेत विभिन्न आपदा परिदृश्यों में राहत एवं बचाव तैयारियों का परीक्षण किया गया।

आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) पहुंचकर मॉक अभ्यास का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि हर चुनौती के लिए तैयार रहना जरूरी है। सिल्क्यारा रेस्क्यू अभियान उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए साहस, धैर्य, समन्वय और मानवीय संकल्प की ऐतिहासिक मिसाल है। इस अभियान ने साबित किया कि कठिन परिस्थितियों में सभी एजेंसियां स्पष्ट रणनीति और बेहतर समन्वय के साथ काम करें तो सफलता हासिल की जा सकती है।

मंत्री कौशिक ने कहा कि आपदा प्रबंधन दिवस केवल किसी घटना को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि उससे मिली सीख को भविष्य की तैयारियों में शामिल करने का माध्यम है। मॉक अभ्यास से वास्तविक आपदा के दौरान व्यवस्थाओं की तत्परता और कार्यक्षमता का आकलन किया जाता है। उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हैं और यहां विभिन्न प्रकार की आपदाओं की आशंका बनी रहती है। ऐसे में समय पर सूचना, त्वरित प्रतिक्रिया और विभागों के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मॉक अभ्यास के दौरान सामने आई कमियों और चुनौतियों का गंभीरता से विश्लेषण कर उन्हें समयबद्ध तरीके से दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित अर्ली वार्निंग सिस्टम, डिजिटल मॉनिटरिंग, ड्रोन सर्विलांस, जीआईएस मैपिंग, सैटेलाइट मॉनिटरिंग और डेटा आधारित जोखिम आकलन जैसी आधुनिक तकनीकों को आपदा प्रबंधन से जोड़ा जा रहा है। इससे संभावित खतरों का समय रहते आकलन कर जन-धन की हानि कम करने में मदद मिलेगी।

मंत्री ने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित राहत एवं बचाव के लिए रैपिड रिस्पॉन्स टीमों को सशक्त बनाया जा रहा है। दूरस्थ और संवेदनशील क्षेत्रों तक समय पर चेतावनी पहुंचाने के लिए अर्ली वार्निंग सिस्टम को भी लगातार मजबूत किया जा रहा है।

इस अवसर पर मंत्री मदन कौशिक ने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के ड्यूटी ऑफिसर के दायित्वों पर आधारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि एसईओसी आपदा प्रबंधन व्यवस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। एसओपी से यहां कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों के दायित्वों, कार्यप्रणाली तथा आपात स्थिति में की जाने वाली कार्रवाई को अधिक स्पष्ट और व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।

मंत्री ने एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, अग्निशमन विभाग और भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली से संबंधित उपकरणों की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। प्रदर्शनी में रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल, परमाणु एवं विस्फोटक (सीबीआरएनई) आपदाओं से निपटने में इस्तेमाल होने वाले अत्याधुनिक उपकरण आकर्षण का केंद्र रहे। इसके अलावा डीप डाइविंग सेट, नाइट विजन कैमरा, थर्मल इमेजिंग कैमरा, हाइड्रोलिक कटर, अंडरवाटर कम्युनिकेशन सिस्टम, अंडरवाटर ड्रोन और सोनार सिस्टम का प्रदर्शन किया गया।

आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि शनिवार को 150 स्थानों पर राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल आयोजित की गई, जबकि चार दिवसीय कार्यक्रमों के दौरान कुल 1,200 से अधिक स्थानों पर मॉक अभ्यास किया गया। इसके अलावा तीन हजार से अधिक स्थानों पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को आपदा से बचाव, पूर्व तैयारी और सुरक्षित व्यवहार की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि सिल्क्यारा रेस्क्यू अभियान की वर्षगांठ और प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर आयोजित चार दिवसीय कार्यक्रमों का शनिवार को समापन हो गया।

चार दिवसीय मॉक अभ्यास में भूकंप से भवन क्षतिग्रस्त होने, मलबे में लोगों के फंसने, भूस्खलन से सड़क अवरुद्ध होने, बाढ़ और बादल फटने से प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालने तथा जंगल की आग और अग्निकांड से निपटने के परिदृश्यों पर अभ्यास किया गया।

इसके साथ ही नदी में डूबने, सड़क दुर्घटना, सुरंग एवं निर्माण स्थल पर हादसे, धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर भगदड़, बिजली गिरने से जनहानि, बांध या जलाशय से अचानक पानी छोड़े जाने तथा आपदा के दौरान संचार व्यवस्था बाधित होने जैसी परिस्थितियों में संबंधित विभागों की प्रतिक्रिया और समन्वय को भी परखा गया।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784847 Articles

Share this story