मुख्यमंत्री ने आईआरएस पुस्तिका और एसडीएमपी 2026-27 का किया विमोचन

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री ने आईआरएस पुस्तिका और एसडीएमपी 2026-27 का किया विमोचन


देहरादून, 27 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (आईआरएस) पुस्तिका एवं उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना (एसडीएमपी) 2026-27 का विमोचन किया। दोनों दस्तावेजों को प्रदेश की आपदा प्रबंधन व्यवस्था को अधिक प्रभावी, समन्वित और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

आईआरएस पुस्तिका में आपदा के दौरान विभिन्न अधिकारियों एवं विभागों की भूमिका, जिम्मेदारियों और आपसी समन्वय की व्यवस्था स्पष्ट की गई है। इससे आपदा की स्थिति में त्वरित निर्णय लेने के साथ राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी। साथ ही राज्य से लेकर स्थानीय स्तर तक आपदा प्रतिक्रिया तंत्र को मजबूत किया जा सकेगा।

वहीं, उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना 2026-27 में प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों और आपदा संबंधी संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए आपदा जोखिम न्यूनीकरण, पूर्व तैयारी, चेतावनी प्रणाली, आपदा के दौरान प्रतिक्रिया, राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण से जुड़े पहलुओं को शामिल किया गया है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड जैसे आपदा की दृष्टि से संवेदनशील राज्य में प्रभावी तैयारी, बेहतर समन्वय और समयबद्ध कार्रवाई अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आईआरएस पुस्तिका और राज्य आपदा प्रबंधन योजना आपदा के समय विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियां तय करने तथा राहत एवं बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784272 Articles

Share this story