आपदा प्रबंधन में हेली कंपनियां देंगी 80 घंटे की निःशुल्क उड़ान सेवा

WhatsApp Channel Join Now
आपदा प्रबंधन में हेली कंपनियां देंगी 80 घंटे की निःशुल्क उड़ान सेवा


देहरादून, 04 जून (हि.स.)। आगामी मानसून सीजन में आपदाओं और आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाड़ा) ने महत्वपूर्ण पहल की है। चारधाम यात्रा में संचालित आठ हेली कंपनियों की ओर से आपदा प्रबंधन, राहत एवं बचाव कार्यों के लिए कुल 80 घंटे के निःशुल्क फ्लाइंग ऑवर उपलब्ध कराए जाएंगे।

पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, बादल फटने और अतिवृष्टि जैसी प्राकृतिक आपदाओं के दौरान हेलीकॉप्टर सेवाएं राहत एवं बचाव कार्यों की जीवनरेखा साबित होती हैं। ऐसे में मानसून के दौरान उपलब्ध 80 निःशुल्क फ्लाइंग ऑवर प्रभावित क्षेत्रों तक तेजी से राहत पहुंचाने और समयबद्ध बचाव कार्य सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

जानकारी के अनुसार चारधाम यात्रा के लिए चयनित प्रत्येक हेली कंपनी से 10-10 घंटे के निःशुल्क फ्लाइंग ऑवर का प्रावधान किया गया था। इन घंटों का उपयोग मेडिकल इमरजेंसी, एयर रेस्क्यू, उच्च हिमालयी क्षेत्रों में फंसे यात्रियों की सहायता तथा दुर्गम इलाकों में राहत सामग्री पहुंचाने के लिए किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुरूप संचालित इस व्यवस्था के तहत अप्रैल 2026 से अब तक 100 से अधिक श्रद्धालुओं और जरूरतमंद लोगों को एयरलिफ्ट कर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा चुका है। वहीं पिछले एक वर्ष में विभिन्न आपदा और रेस्क्यू अभियानों के दौरान 200 से अधिक लोगों का सफलतापूर्वक बचाव किया गया है।

यूकाडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष चौहान ने बताया कि हेली कंपनियों के चयन के समय ही निःशुल्क फ्लाइंग ऑवर की शर्त शामिल की गई थी, ताकि आपात परिस्थितियों में त्वरित हवाई सहायता उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था आपदा प्रबंधन के साथ-साथ चारधाम यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में भी प्रभावी साबित हो रही है। यूकाडा के हेड ऑफ ऑपरेशन अमित शर्मा ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान चिकित्सकीय आपात स्थिति का सामना कर रहे श्रद्धालुओं को हेलीकॉप्टर के माध्यम से अस्पतालों और सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष केवल केदारनाथ क्षेत्र से ही 100 से अधिक लोगों को मेडिकल इमरजेंसी के तहत एयर रेस्क्यू सुविधा प्रदान की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story