उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन के लिए 525 सेंसर स्थापित, 2.69 लाख लोगों को दिया गया प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन के लिए 525 सेंसर स्थापित, 2.69 लाख लोगों को दिया गया प्रशिक्षण


देहरादून, 23 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आधुनिक तकनीक, पूर्व चेतावनी प्रणाली और प्रशिक्षित मानव संसाधन के विस्तार पर जोर दिया जा रहा है। राज्य में 525 हाइड्रो-मौसमी सेंसर स्थापित किए गए हैं और 434 से अधिक सैटेलाइट फोन उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं वर्ष 2020-21 से 2025-26 के बीच 2,339 प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से 2,69,038 लोगों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया गया है।

राज्य सरकार के अनुसार, उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जहां पृथक आपदा प्रबंधन विभाग स्थापित किया गया। वर्ष 2007 में उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) का गठन हुआ और 2014 में राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की स्थापना की गई। वर्ष 2025 में घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (आईआरएस) का विस्तार राज्य, जिला और तहसील स्तर तक किया गया।

प्रदेश में मौसम और जलस्तर की निगरानी के लिए स्थापित 525 सेंसर में 432 मौसम सेंसर, 87 जल विज्ञान सेंसर, तीन डॉप्लर मौसम रडार और तीन बिजली गिरने का पता लगाने वाले सेंसर शामिल हैं। इसके अलावा भूदेव और सचेत ऐप, आपातकालीन सेवा 112, वायरलेस नेटवर्क और सेल ब्रॉडकास्ट प्रणाली के माध्यम से चेतावनी प्रसारित करने की व्यवस्था की गई है। सेल ब्रॉडकास्ट तकनीक के जरिए बिना इंटरनेट और मोबाइल ऐप के भी सीधे फोन पर अलर्ट भेजा जा सकता है।

प्रशिक्षण कार्यक्रमों के तहत वर्ष 2025-26 में ही 972 कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 1,19,497 लोगों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। युवा आपदा मित्र और आपदा सखी योजनाओं के माध्यम से स्थानीय स्तर पर भी लोगों को आपदा से निपटने के लिए तैयार किया जा रहा है। प्रशिक्षण में स्कूली बच्चों, एनसीसी, एनएसएस, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स और स्वयंसेवकों को शामिल किया गया है।

आपदा जोखिम का वैज्ञानिक आकलन करने के लिए जीआईएस आधारित मानचित्रण और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी की जा रही है। चमोली जिले के वसुधारा ताल में राज्य की पहली सेंसर आधारित हिमनद झील पूर्व चेतावनी प्रणाली स्थापित की गई है। इसके अलावा बाढ़, भूकंप, वनाग्नि और मानसून जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए मॉक ड्रिल भी आयोजित की जा रही हैं।

राज्य में राहत एवं बचाव व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 36 पुलों का निर्माण, आठ सड़कों पर सुरक्षा कार्य, आपदा आश्रयों का निर्माण और राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के सुदृढ़ीकरण की योजनाएं शामिल हैं। एसडीआरएफ को आधुनिक खोज एवं बचाव उपकरण उपलब्ध कराने के साथ 18 अग्निशमन केंद्रों और प्रशिक्षण केंद्रों के निर्माण का भी प्रावधान किया गया है।

इस बीच, आपदा प्रभावितों को दी जाने वाली सहायता राशि के मानकों में भी वृद्धि की गई है। सरकार के अनुसार आपदा में मृत्यु होने पर अनुग्रह सहायता चार लाख रुपये से बढ़ाकर आठ लाख रुपये प्रति व्यक्ति कर दी गई है। गंभीर दिव्यांगता की स्थिति में सहायता राशि 2.50 लाख से बढ़ाकर 3.20 लाख रुपये की गई है।

इसी तरह आपदा से पूरी तरह क्षतिग्रस्त मकान के लिए मैदानी क्षेत्रों में सहायता राशि 1.20 लाख से बढ़ाकर 1.60 लाख रुपये और पहाड़ी एवं दुर्गम क्षेत्रों में 1.30 लाख से बढ़ाकर 1.70 लाख रुपये की गई है। फसलों की क्षति पर मिलने वाली सहायता राशि में भी वृद्धि की गई है। वर्षा आधारित फसलों के लिए अनुदान 8,500 से बढ़ाकर 11 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर किया गया है।

राज्य सरकार ने 28 नवंबर को आपदा प्रबंधन दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इस अवसर पर 25 से 28 नवंबर तक प्रदेशभर में मॉक ड्रिल और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्य कार्यक्रम 27 नवंबर को सचिवालय स्थित विश्वकर्मा भवन में होगा, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल होंगे।

सरकार का कहना है कि आपदा प्रबंधन को केवल राहत एवं बचाव तक सीमित रखने के बजाय पूर्व तैयारी, जोखिम आकलन, त्वरित प्रतिक्रिया और पुनर्वास से जोड़कर व्यापक व्यवस्था विकसित की जा रही है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782079 Articles

Share this story