आवासीय भवनों में आग की घटनाएं अब आपदा की श्रेणी में, प्रभावितों को मिलेगी राहत राशि

WhatsApp Channel Join Now
आवासीय भवनों में आग की घटनाएं अब आपदा की श्रेणी में, प्रभावितों को मिलेगी राहत राशि


आवासीय भवनों में आग की घटनाएं अब आपदा की श्रेणी में, प्रभावितों को मिलेगी राहत राशि




-आपदा बचाव में पूर्व सैनिकों और सेवानिवृत्त वर्दीधारी कार्मिकों की ली जाएगी मदद,राहत कार्यों में सहयोग करने वाले नागरिक होंगे सम्मानित

देहरादून, 27 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में आवासीय भवनों में दुर्घटनावश आग लगने की घटनाओं को अब आपदा की श्रेणी में शामिल किया जाएगा। ऐसे अग्निकांड से प्रभावित लोगों को राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीआरएफ) के मानकों के अनुरूप राहत राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में यह घोषणा की। उन्होंने आपदा प्रबंधन तंत्र को मजबूत बनाने और जनसहभागिता बढ़ाने के लिए चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि भूतपूर्व सैनिकों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, पुलिस और अन्य वर्दीधारी सेवाओं के सेवानिवृत्त कार्मिकों को आपदा बचाव का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनके सहयोग से आम लोगों को आपदाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य शिक्षण संस्थानों में प्रति एक हजार विद्यार्थियों पर एक शिक्षक को आपदा मित्र अथवा आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि आपदाओं और सड़क दुर्घटनाओं के दौरान निःस्वार्थ भाव से राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (आईआरएस) पुस्तिका और उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना (एसडीएमपी) 2026-27 का विमोचन भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की विशिष्ट भौगोलिक परिस्थितियों के कारण आपदा प्रबंधन लगातार चुनौतीपूर्ण विषय रहा है। प्रदेश को विभिन्न प्रकार की प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में जनजागरूकता बढ़ाने के साथ प्रत्येक स्तर पर पूर्व तैयारियों को मजबूत करना आवश्यक है। आपदा प्रबंधन गतिविधियों से विद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को भी जोड़ा जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आपदा प्रभावितों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़े रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपदा की सूचना मिलते ही पूरा तंत्र सक्रिय होना चाहिए और प्रभावित लोगों तक जल्द से जल्द राहत एवं सहायता पहुंचनी चाहिए। पिछले दो-तीन वर्षों में प्रदेश ने अनेक आपदाओं का सामना किया है। इस दौरान शासन-प्रशासन तथा केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न एजेंसियों ने बेहतर समन्वय के साथ त्वरित राहत एवं बचाव कार्य किए हैं।

सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 12 नवंबर 2023 को दीपावली के दिन उत्तरकाशी की सिलक्यारा सुरंग में 41 श्रमिक फंस गए थे। सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालना बड़ी चुनौती थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न एजेंसियों ने आपसी समन्वय के साथ अभियान को आगे बढ़ाया। प्रधानमंत्री लगातार अभियान की प्रगति की जानकारी लेते रहे। प्रधानमंत्री कार्यालय और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की टीमों का भी महत्वपूर्ण सहयोग मिला।

उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान कई तकनीकी चुनौतियां सामने आईं। श्रमिकों की सुरक्षित निकासी के लिए एक साथ कई वैकल्पिक उपायों पर काम किया गया और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों की सहायता ली गई। करीब 17 दिनों के अथक प्रयासों के बाद 28 नवंबर 2023 को सभी 41 श्रमिकों को सकुशल बाहर निकालने में सफलता मिली। बाबा बौखनाग के आशीर्वाद, श्रमिकों के धैर्य, बचाव दलों के परिश्रम तथा केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से यह अभियान सफल हुआ। उन्होंने उत्तराखंड की भूकंप संवेदनशीलता को देखते हुए भूकंप से बचाव के लिए मॉक ड्रिल आयोजित करने पर भी जोर दिया।

आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान साहस, धैर्य, समन्वय और मानवीय संवेदनशीलता की बड़ी मिसाल है। इस अभियान ने साबित किया कि बेहतर तैयारी, त्वरित निर्णय, आपसी समन्वय और आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग से कठिन परिस्थितियों में भी बड़ी चुनौतियों का सामना किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सिलक्यारा अभियान से मिली सीख को प्रदेश की आपदा प्रबंधन व्यवस्था में शामिल किया जा रहा है। प्रशिक्षण, मॉक ड्रिल, उपकरणों की उपलब्धता और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय को लगातार मजबूत किया जा रहा है।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए आपदाओं के प्रभाव को कम करने के लिए पूर्व तैयारियों, त्वरित प्रतिक्रिया तथा आपदा के बाद पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। सिलक्यारा बचाव अभियान केवल सफल बचाव अभियान नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनशीलता और बेहतर टीम वर्क का भी उदाहरण था। आपदा से प्रभावित अंतिम व्यक्ति तक समय पर सहायता पहुंचाना हमारा उद्देश्य होना चाहिए। इसके लिए आधुनिक तकनीक, केंद्रीय संस्थानों की विशेषज्ञता, स्थानीय समुदायों की सहभागिता और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से सिलक्यारा बचाव अभियान, आपदा जोखिम न्यूनीकरण, पूर्व चेतावनी प्रणाली, क्षमता विकास और भविष्य की कार्ययोजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 133 त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) गठित किए गए हैं, जिनमें 2250 सदस्य शामिल हैं। भूकंप की पूर्व चेतावनी के लिए 169 सेंसर और 112 सायरन स्थापित किए गए हैं।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, खजान दास, प्रदीप बत्रा और भरत सिंह चौधरी, राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रुहेला, लेफ्टिनेंट कर्नल (सेवानिवृत्त) रघुवीर सिंह भंडारी, प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम से प्रदेश के सभी जिलाधिकारी तथा विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784272 Articles

Share this story